सेक्टर-55, बी-ब्लॉक में आधुनिक ओपन जिम का सांसद एवं विधायक ने किया उद्घाटन

सेक्टर-55, बी-ब्लॉक में आधुनिक ओपन जिम का सांसद एवं विधायक ने किया उद्घाटन

नोएडा। सेक्टर-55, बी-ब्लॉक में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ओपन जिम का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सेक्टरवासियों ने उपस्थित होकर इस नई स्वास्थ्य सुविधा का स्वागत किया।

ओपन जिम का उद्घाटन सांसद डॉ. महेश शर्मा एवं विधायक पंकज सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में फोनरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा, फोनरवा महासचिव के. के. जैन तथा नोएडा प्राधिकरण के डिप्टी डायरेक्टर हैटिकल्कर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ओपन जिम जैसी सुविधाएं नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। यह जिम बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सभी के लिए लाभदायक सिद्ध होगा तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देगा।

सेक्टर-55 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सतनारायण गोयल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा जी, माननीय विधायक श्री पंकज सिंह जी तथा नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं प्राधिकरण के सहयोग से सेक्टर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और यह ओपन जिम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए सचिव नीरज शर्मा, उपाध्यक्ष सुदेश खोकर, श्रीमती राजरानी, अजय शुक्ला, अरुण शर्मा, श्रीमती मीरा सहित आरडब्ल्यूए की पूरी कार्यकारिणी एवं अनेक गणमान्य सेक्टरवासी उपस्थित रहे।

माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा एवं विधायक पंकज सिंह ने सेक्टरवासियों को इस नई सुविधा की शुभकामनाएं देते हुए सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित सेक्टरवासियों ने इस महत्वपूर्ण जनसुविधा के लिए जनप्रतिनिधियों, नोएडा प्राधिकरण एवं आरडब्ल्यूए का आभार व्यक्त किया।