उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल ने किया होली मिलन समारोह
राजेश बैरागी
नोएडा।PNI News। होली प्रेम और भाईचारे का अनोखा त्यौहार है। इस अवसर पर लोग अपने गिले-शिकवे भुलाकर प्रेम के रंग में सराबोर हो जाते हैं। नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने कहा,-होली धूल की, फूल की, रंग की, कीचड़ की,लठ की कैसी भी हो, उद्देश्य एक है कि एक दिन सब एक जैसे हो जाते हैं। अवसर था शुक्रवार शाम को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह का। आगंतुकों में बुजुर्ग व्यापारी नेता व पूर्व सांसद श्याम बिहारी मिश्रा, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री नवाब सिंह नागर, दादरी विधायक तेजपाल नागर, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विमला बाथम, बीकानेर फूड्स के नवरत्न अग्रवाल आदि अनेकानेक उद्यमी व व्यापारी, समाजसेवी महेश सक्सेना,शैल माथुर,श्री जी गौसदन के सुशील गुप्ता, पत्रकार, पुलिस अधिकारी और न जाने कितने गणमान्य।
समय के साथ होली के खेल ने सभ्यता और शालीनता का स्वरूप ग्रहण कर लिया है। आयोजकों ने प्रत्येक आगंतुक को चंदन का टीका लगाकर और रंग-बिरंगा पटका पहनाकर स्वागत सत्कार किया। मंच पर पेशेवर कलाकारों द्वारा गणेश वंदना से लेकर कई सुंदर सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किये गये। स्वागत, सत्कार और प्रेम पूर्वक होली मिलन के इस कार्यक्रम का समापन सुस्वादु भोजन के साथ हुआ। कार्यक्रम के आयोजन में उद्योग व्यापार मंडल के नोएडा अध्यक्ष राजीव गुप्ता व सुनील गुप्ता की विशेष भूमिका रही


