महामाया और विश्वभारती स्कूल ने जीती 15वीं इंटर स्कूल क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप

महामाया और विश्वभारती स्कूल ने जीती 15वीं इंटर स्कूल क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को नोएडा स्टेडियम में आयोजित 15वीं इंटर स्कूल क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप जीत ली. सोसायटी फॉर स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एडवांसमेंट (SSCA) की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में दिल्ली-एनसीआर के 32 स्कूलों के करीब 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता के बालक वर्ग में लगातार तीसरे साल विश्वभारती पब्लिक स्कूल के आर्यावृत कश्यप चैंपियन रहे. जबकि बालिका वर्ग में महामाया बालिका  इंटर कॉलेज की मोहिनी चैंपियन बनी. एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने सभी विजेता बच्चों और स्कूलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया.

बालक वर्ग की रेस 5 किमी की थी, जिसमें विश्वभारती स्कूल के आर्यावृत कश्यप पहले स्थान पर रहे. गौतम बुद्ध बालक इंटर कॉलेज के आदित्य पाल ने दूसरा और तरबिंदर ने तीसरा स्थान हासिल किया. जबकि बालिका वर्ग की ढाई किमी की रेस में महामाया बालिका इंटर कॉलेज का इकतरफा दबदबा रहा. टॉप-3 स्थानों पर महामाया का कब्जा रहा. स्कूल की खिलाड़ी मोहिनी को गोल्ड, समृद्धि को को सिल्वर और तन्नू को ब्रांज मेडल प्रदान किया गया.

दोनों वर्गों में टॉप- 3 खिलाड़ियों को मेडल, ट्रैक सूट और स्पोर्ट्स शूज पुरस्कार के रूप में प्रदान किए गए. इसके अतिरिक्त आर्यावृत कश्यप और मोहिनी को भजनलाल शास्त्री मेमोरियल ट्रॉफी और 1100-1100 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया. टॉप-10 में शामिल बाकी खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया.

प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में सबसे कम 21 पॉइंट हासिल कर महामाया बालिका इंटर कॉलेज की टीम चैंपियन बनी. उसे विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई. इस वर्ग में दूसरे स्थान की ट्रॉफी 83 अंक हासिल कर सावित्री बाई फुले इंटर कॉलेज ने हासिल की. जबकि तीसरे स्थान की ट्रॉफी 157-157 अंकों के साथ विश्वभारती पब्लिक स्कूल नोएडा और कैंब्रिज स्कूल ग्रेटर नोएडा की टीम ने संयुक्त रूप से जीती.

बालक वर्ग में विश्वभारती पब्लिक स्कूल नोएडा की टीम 58 अंकों के साथ खिताब पर कब्जा जमाने में कामयाब रही. पंचशील बालक इंटर कॉलेज ने 60 अंक हासिल करके उपविजेता ट्रॉफी जीती. जबकि तीसरे स्थान की ट्रॉफी पर गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज की टीम ने 70 अंकों के साथ कब्जा जमाया. प्रतियोगिता में जजों की भूमिका केके रावत, सुधीर राणा और पुरुषोत्तम ने निभाई.

प्रतियोगिता में अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत SSCA के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल ने किया. वहीं, मेहमानों का धन्यवाद संयोजक विमलेश शर्मा ने किया. पूरी प्रतियोगिता का संयोजन खेल प्रभारी व उपाध्यक्ष अशोक सैनी के रूप में किया गया. समारोह में सोसायटी के कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुच्छल, सदस्य प्रोफेसर मिर्जा अली बेग, रचना यादव, कंचन श्रीवास्तव, डॉक्टर श्वेता त्यागी, दिनेश भारद्वाज, विजय आनंद भट्ट, देवेंद्र कुमार, राम अवतार शास्त्री, अंकिता सिंह समेत विभिन्न स्कूलों के कोच, पैरंट्स, सक्सेस फॉर लाइफ व कंचन स्कूल के वॉलंटियर समेत तमाम लोग मौजूद रहे.