मालगाड़ी के सामने कूदकर युवक ने दी, जान मचा कोहराम
गाजीपुर-माहपुर-सादात रेलवे स्टेशन के बीच कनेरी क्रासिंग से पहले किमी. संख्या 111/02 के पास मंगलवार की देररात मालगाड़ी के सामने कूदकर एक युवक ने आत्महत्या कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने चली आई। उधर घर से बिना बताये देर रात निकले युवक की खोजबीन करते बुधवार की सुबह थाने पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त ग्राम जबरापार निवासी कृपाकांत (21) के रूप में की। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
थाना क्षेत्र अंतर्गत कनेरी रेलवे फाटक से पहले सवास गांव के पास एक युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस शिनाख्त न हो पाने के बाद शव को लेकर थाने चली आयी। इसी बीच शादियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम जबरापार निवासी कैलाश प्रसाद व अन्य लोग थाने पहुंचे और शव की शिनाख्त अपने पुत्र कृपाकांत के रूप में किया। उन्होंने पुलिस को बताया कि कृपाकांत देररात करीब 12 बजे घर से बाहर निकलकर सड़क पर टहल रहा था तो आसपास के लोगों के पूछने पर सिर में दर्द होने की बात कहा था। न जाने कब और कैसे सवास पहुंच गया, घरवालों को इसकी खबर तक नहीं है। उधर रेलवे स्टेशन मास्टर ने बताया कि वाराणसी से मऊ की तरफ जा रही मालगाड़ी के ड्राइवर ने देररात दिए मेमो में उल्लेख किया है कि युवक ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर लिया। इसके चलते प्रेशर पाइप फट गया और मालगाड़ी करीब 15 मिनट तक वहीं खड़ी रही। किसी तरह खराबी दूर कर गाड़ी को आगे ले जाया गया। मृतक के पिता कैलाश प्रसाद मिर्जापुर जनपद के जमालपुर ब्लाक अंतर्गत जगदीशपुर ग्रामसभा में सफाईकर्मी के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि मृतक तीन भाइयों में मंझला था और वह कृष्ण सुदामा कालेज से बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। घटना की जानकारी पाकर मृतक की माता किरन देवी, बड़े भाई कृष्णकांत, छोटे भाई कौशलकांत सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।


