मनीष कुमार वर्मा ने फूल मंडी फेस-2 पहुंचकर निर्वाचन हेतु तैयार की गई लेखन सामग्री का किया निरीक्षण
गौतम बुद्ध नगर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को जनपद में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष, स्वतंत्र, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा के द्वारा निर्वाचन को लेकर की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है।

इसी श्रृंखला में आज जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने फूल मंडी फेस-2 सेक्टर-88 नोएडा में पहुंचकर लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 हेतु तैयार की जा रही लेखन सामग्री का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त उद्योग/प्रभारी अधिकारी लेखन सामग्री अनिल कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया कि जनपद गौतम बुद्ध नगर में कल 1852 पोलिंग बूथ है एवं सभी पोलिंग बूथों के सापेक्ष 2050 स्टेशनरी बैग तैयार कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्टेशनरी बैग में प्रमुख रूप से पीठासीन अधिकारी की पुस्तिका, ब्रास सील, पीठासीन अधिकारी की विवरणिका, मतदाता रजिस्टर, मेडिकल किट, अमित स्याही आदि सम्मिलित है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी को निर्देश दिए कि यह स्टेशनरी बैग पीठासीन अधिकारी के द्वितीय प्रशिक्षण के समय उन्हें वितरित करा दिए जाये। उन्होंने इस अवसर पर निर्वाचन को लेकर फूल मंडी फेस-2 सेक्टर-88 नोएडा में की जा रही अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारीगण भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप समय रहते पूर्ण करने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।


