नगर निकाय चुनाव पर एक खबर

नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कर दिया गया है। इसके तहत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 31 अक्तूबर को तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 नवंबर को किया जाएगा। जिले में किसी भी निकाय का न कोई विस्तार हुआ है न ही कोई निकाय नव सृजित हुई है।

जिले में कुल आठ नगरीय निकाय हैं। इनमें तीन नगर पालिका परिषद एवं पांच नगर पंचायतें हैं। इन निकायों में 136 वार्ड हैं। नगर पालिका परिषद गाजीपुर, नगर पालिका परिषद जमानिया एवं नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद में 25-25 वार्ड हैं। इसी तरह नगर पंचायत जंगीपुर में 11, दिलदारनगर में 11, बहादुरगंज में 13, सैदपुर में 15 एवं नगर पंचायत सादात में 11 वार्ड हैं। इनमें 99 मतदान केंद्र एवं 266 मतदेय स्थल हैं। निकाय चुनाव के पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित होते ही सरगर्मी बढ़ गई है।आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार ड्राफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली का निरीक्षण तथा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि एक से सात नवंबर निर्धारित है। आठ से 12 नवंबर तक दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 18 नवंबर को होगा। मतदाता अपना नाम शामिल करने के लिए एक से चार नवंबर तक की अवधि में आयोग की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

मालूम हो कि वर्ष 2017 में हुए निकाय चुनाव में सभी आठ निकायों के 136 वार्डों में दो लाख पांच हजार 547 मतदाता थे। इस संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत-नगरीय निकाय राजाराम वर्मा ने बताया कि किसी भी निकाय में न कोई विस्तार हुआ है न ही कोई निकाय नव सृजित हुई है।