राष्ट्रीय परशुराम परिषद द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन का विस्तार
नोएडा। राष्ट्रीय परशुराम परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सेक्टर-108, नोएडा में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता फोनरवा अध्यक्ष श्री योगेंद्र शर्मा ने की, जबकि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्य मंत्री पंडित सुनील भरला उपस्थित रहे।
बैठक में भगवान परशुराम के जीवन, सिद्धांतों और उनके जन्मस्थान के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय परशुराम परिषद ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक विस्तार की घोषणा करते हुए श्री विनोद शर्मा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाने के दौरान श्री विनोद शर्मा ने समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता का संकल्प लिया।
श्री विनोद शर्मा के इस आवाहन पर समाजसेवी संस्था प्रभा फाउंडेशन की ओर से एलेक्जिर ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन राजीव शर्मा ने एक प्रेरणादायक पहल की। उन्होंने अख़बार वितरक अमरनाथ पांडे की बेटी सुहानी पांडे, जिसने कठिन परिस्थितियों के बावजूद 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98.41% अंक प्राप्त किए, को ₹21,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की।
कार्यक्रम में नोएडा शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में के.के. गौतम, कमल शर्मा (पूर्व प्रमुख), राजीव शर्मा, आलोक द्विवेदी, त्रिलोक शर्मा, विनोद शर्मा, अतुल गौड़, अमरीश शर्मा, नीरज शर्मा, दीपक शर्मा, गोविंद शर्मा तथा ज्ञानेन्द्र शर्मा जैसे प्रतिष्ठित जनों ने भाग लिया।
सभी अतिथियों ने विनोद शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन की मजबूती की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विनोद शर्मा ने टी.सी. गौड़ को नोएडा महानगर अध्यक्ष के रूप में घोषित किया और कार्यकारिणी में भूषण शर्मा एवं सुशील शर्मा को भी शामिल किया गया।


