सामाजिक न्याय सेल और हेल्पलाइन के साथ ज़ोन से राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत जल्द

सामाजिक न्याय सेल और हेल्पलाइन के साथ ज़ोन से राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत जल्द

नोएडा। सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर आज नोएडा के सेक्टर-63 स्थित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता चेयरमैन डॉ पीयूष द्विवेदी ने की, जिसमें युवा क्रांति सेना के प्रतिनिधिमंडल ने चेयरमैन लोकेश चौहान एवं अध्यक्ष अविनाश सिंह के नेतृत्व में भाग लिया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के साथ हो रहे अन्याय के मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई तथा सामाजिक न्याय सेल को शीघ्र प्रारंभ करने और एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी करने का निर्णय लिया गया, ताकि पीड़ित लोगों को सीधा, सुलभ और प्रभावी मंच निःशुल्क मिल सके।

बैठक में खिलाड़ियों के साथ हो रहे अन्याय पर विशेष चिंता व्यक्त की गई। यह बात सामने आई कि अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं, उचित प्रशिक्षण, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और खेल मैदानों की उपलब्धता नहीं मिल पा रही है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है।

साथ ही व्यापारियों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें छोटे और मध्यम व्यापारियों पर बढ़ता प्रशासनिक दबाव, अनावश्यक कार्यवाही, लाइसेंस संबंधी जटिलताएं, बाजार में असंतुलित प्रतिस्पर्धा और समय पर न्याय न मिलना प्रमुख मुद्दे रहे। वरिष्ठ नागरिकों के साथ बढ़ती उपेक्षा, संपत्ति विवाद, पारिवारिक असंवेदनशीलता और सरकारी योजनाओं का लाभ न मिल पाना भी गंभीर चिंता का विषय बताया गया। इसके अतिरिक्त महिलाओं के साथ कार्यस्थल पर भेदभाव, युवाओं को रोजगार व मार्गदर्शन की कमी, तथा गरीब और वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ न पहुंचना जैसे विषयों को भी सामाजिक न्याय के दायरे में शामिल किया गया।

चेयरमैन डॉ पीयूष द्विवेदी ने कहा कि सामाजिक न्याय केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि किसी भी वर्ग को अन्याय का सामना करना पड़ता है तो उसे सुनने और समाधान देने की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। हम सदैव समाज के कमजोर और पीड़ित वर्गों के साथ खड़े रहे हैं।
वहीं युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि यह पहल फिलहाल ज़ोन स्तर पर शुरू की जा रही है, जिसके बाद इसे राज्य स्तर पर विस्तारित किया जाएगा और भविष्य में विभिन्न राज्यों के माध्यम से पूरे देश में सामाजिक न्याय की सशक्त व्यवस्था स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय और संरक्षण का भरोसा मिल सके।

इस अवसर पर डॉ रज्जन तिवारी, कवि कुशल कौशलेंद्र और पीयूष मालवीय, अनिल, अजय चौहान मौजूद थे।