DIC एवं AiM द्वारा उत्तर प्रदेश के एमएसएमई को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की संयुक्त पहल
नोएडा। वर्तमान समय में जब विश्व स्तर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल परिवर्तन आर्थिक विकास के प्रमुख साधन बन चुके हैं, तब भी अनेक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों से डिजिटल रूप से जुड़े नहीं हैं। इस डिजिटल अंतर को समाप्त करने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र (DIC) और एसोसिएशन ऑफ इंडियन मैन्युफैक्चरर्स (AIM) ने उत्तर प्रदेश के एमएसएमई को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने हेतु संयुक्त पहल की है।
यह पहल उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी की निर्यात उन्मुख विकास नीति एवं दूरदर्शी नेतृत्व के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के निर्यात राजस्व को सशक्त करना और उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाना है।
इसी क्रम में AIM के प्रतिनिधियों एवं जिला उद्योग केंद्र उपायुक्त पंकज निर्वाण के मध्य एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एमएसएमई के डिजिटल अनुपालन, AI एकीकरण, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ाव तथा निर्यातोन्मुख क्षमता विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई
कुलमणि गुप्ता, ग्लोबल प्रेसिडेंट, एसोसिएशन ऑफ इंडियन मैन्युफैक्चरर्स ने कहा कि सुव्यवस्थित डिजिटल सशक्तिकरण से एमएसएमई के विकास को नई गति मिलेगी, अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों तक उनकी पहुंच बढ़ेगी तथा उत्तर प्रदेश के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उमेश बत्रा, राष्ट्रीय महासचिव ने डिजिटल परिवर्तन, वैश्विक मानकों के अनुपालन, ई-कॉमर्स ऑनबोर्डिंग एवं AI आधारित समाधान पर जागरूकता बढ़ाने हेतु एक कार्यशाला/सेमिनार आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।
सुनील राय, चेयरमैन, जीबी नगर, ने एमएसएमई के समग्र विकास हेतु पूर्ण सहयोग और सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यह संयुक्त पहल एमएसएमई को डिजिटल रूप से सक्षम बनाकर उत्तर प्रदेश को एक सशक्त, प्रतिस्पर्धी एवं निर्यात-उन्मुख औद्योगिक राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


