निखिल सिंघल ने कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से की मुलाकात, नोएडा की रजिस्ट्री और मेट्रो कनेक्टिविटी के मुद्दों पर हुई चर्चा

निखिल सिंघल ने कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से की मुलाकात, नोएडा की रजिस्ट्री और मेट्रो कनेक्टिविटी के मुद्दों पर हुई चर्चा

नोएडा। नोएडा हाईराइज फेडरेशन (NHRF) के अध्यक्ष निखिल सिंघल ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात कर नोएडा के हाईराइज सोसायटी निवासियों से जुड़े प्रमुख नागरिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। यह बैठक करीब एक घंटे तक चली।

बैठक के दौरान फ्लैटों की लंबित रजिस्ट्री और नोएडा में मेट्रो कनेक्टिविटी के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। निखिल सिंघल ने इन समस्याओं के कारण आम नागरिकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए इनके समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।

राजेंद्र पाल गौतम ने इन मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि लंबित फ्लैट रजिस्ट्री और मेट्रो कनेक्टिविटी से जुड़े विषयों को आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस के एजेंडे में शामिल करने के संबंध में विचार किया जाएगा। इन मुद्दों को चुनावी एजेंडे में प्रमुखता देने की दिशा में चर्चा हुई।

बैठक में नोएडा हाईराइज फेडरेशन के ग्रेटर नोएडा वेस्ट के संयोजक दिनेश मिश्रा तथा रुपिंदर भाटिया भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले लाखों लोगों की समस्याओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता पर चर्चा की।

निखिल सिंघल ने कहा कि नोएडा के निवासियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान और क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि लंबित रजिस्ट्री और मेट्रो कनेक्टिविटी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस पहल से लाखों लोगों को राहत मिल सकती है।

नोएडा के नागरिक मुद्दों को नीतिगत और सार्वजनिक विमर्श में प्रमुखता दिलाने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण रही।