राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की शोभायात्रा कोई नहीं रोक पायेगा - विकास तोमर

राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की शोभायात्रा कोई नहीं रोक पायेगा - विकास तोमर

बोले भाजपा नेता विकास तोमर — हर वर्ष निकलती रहेगी शोभायात्रा, यह हमारे स्वाभिमान का प्रतीक, महाराणा प्रताप इस देश की आन-बान-शान और संस्कृति के प्रतीक

नई दिल्ली। भाजपा नेता विकास तोमर ने हापुड़ जिले की धौलाना विधानसभा के ग्राम सिरोधन से देहरा तक  हर साल निकलने वाली महाराणा प्रताप शोभायात्रा को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि अदम्य साहस शौर्य और भारतीय स्वाभिमान के प्रतीक हमारे प्रेरणा स्रोत वीर योद्धा महाराणा प्रताप जी  की शोभायात्रा कोई नहीं रोक पाएगा। यह हमारे स्वाभिमान, शौर्य और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है और हर वर्ष पूरे सम्मान व उत्साह के साथ यह यात्रा निकलती रहेगी। विकास का यह बयान ग्राम देहरा में यात्रा के दौरान पैदा हुए सांप्रदायिक तनाव और पथराव के बाद आया है।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल इतिहास के महान योद्धा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग और आत्मसम्मान की जीवंत प्रेरणा हैं। देश की संस्कृति और गौरव से जुड़ी ऐसी यात्रा को विवादित बनाने की कोशिश बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

विकास तोमर ने देहरा में शोभायात्रा के दौरान हुई पथराव की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि समाज में तनाव फैलाने और ऐतिहासिक महापुरुषों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली मानसिकता को कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे देश की आन-बान-शान हैं और करोड़ों लोगों की आस्था व सम्मान उनसे जुड़ा हुआ है।

उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनी रहे।