हमें अभी से पानी बचाने की आदत डालनी होगी - पंकज कुमार

हमें अभी से पानी बचाने की आदत डालनी होगी - पंकज कुमार

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को सोसायटी फॉर स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एडवांसमेंट (SSCA) की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। निठारी गांव की SSCA लाइब्रेरी में हुए कार्यक्रम में शहर में पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रही कई संस्थाओं के वॉलटियर्स ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करके पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के चीफ गेस्ट जाने-माने पर्यावरणविद डॉ जे.पी. प्रणब और ऑक्सिजन मैन कहे जाने वाले पंकज कुमार रहे।

डॉ जे.पी. प्रणब ने कहा कि आज से करीब 8-10 साल पर्यावरण प्रदूषण इतना बड़ा विषय नहीं हुआ करता था। लेकिन पिछले कुछ सालों में विकास के नाम पर पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, भूजल के असीमित दोहन, बिना प्लानिंग के चल रहे कंस्ट्रक्शन वर्क और स्लम बस्तियों के विकास ने स्थिति बिगाड़ दी है। अब हालत ये है कि लोगों को न तो पीने को साफ पानी मिल रहा है और न ही साफ हवा नसीब हो रही है। ध्वनि प्रदूष ने लोगों को दिन का चैन और रात की नींद छीन ली है।

पर्यावरणविद पंकज कुमार ने कहा कि देश में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं. आंकड़े बता रहे हैं कि अगले 8 सालों में देश में पेयजल में 40 प्रतिशत तक की कमी होने जा रही है। पेड़ों की कटाई से वायु प्रदूषण की स्थिति बेहद गंभीर स्थिति में पहुंचने वाली है। इससे बचने के लिए हमें अभी से पानी बचाने की आदत डालनी होगी। साथ ही बारिश के पानी के जमीन के अंदर उतारने के काम को अभियान का रूप देना होगा।

SSCA के प्रेजिडेंट सुभाष अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण से नोएडा-ग्रेटर नोएडा की स्थिति लगातार खराब हो रही है। भूजल का लेवल 150 से 200 फुट तक नीचे पहुंच गया है। एयर इंडेक्स लगातार बहुत खराब श्रेणी में रहने लगा है। अब सरकारी महकमों के साथ ही जिले की सभी संस्थाओं और आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होकर सामने आना होगा। उन्होंने कहा कि SSCA ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पहल कर दी है और वह लगातार अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएगी। सोसायटी के सचिव दिनेश भारद्वाज ने सभी मेहमानों और बच्चों का धन्यवाद दिया।

इस मौके पर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में सोसायटी के संयोजक डॉ एमएमए बेग, उपाध्यक्ष अशोक सैनी, कोषाध्यक्ष अल्का भट्ट, पूर्व प्रेजिडेंट विमलेश शर्मा, पूर्व संयोजिका इंद्रा चौधरी, पूर्व उपाध्यक्ष राजेश्वरी त्यागराजन, फाउंडर मेंबर कंचन श्रीवास्तव, सदस्य श्वेता त्यागी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को अल्पाहार वितरित किया गया।