अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर 'करो योग, रहो निरोग' के मंत्र के साथ गूंजा वातावरण
नोएडा: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू परिसर में शनिवार की प्रातः एक भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों ने पूरे उत्साह, एकाग्रता और सामूहिक ऊर्जा के साथ भाग लिया। यह आयोजन प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक संपन्न हुआ, जिसमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य योग को नियमित जीवनचर्या का हिस्सा बनाकर मानसिक, शारीरिक एवं आत्मिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाना था।
योग सत्र का नेतृत्व योगाचार्य श्रीमती मंजू नैलवाल जी ने किया, जिनके सहज, सटीक और प्रभावशाली निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। उन्होंने योग को केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक व संतुलित पद्धति के रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में पूर्व नौसेना अधिकारी एवं मोटिवेशनल स्पीकर श्री नरेंद्र पाल सिंह जी ने प्रेरणास्पद संबोधन में कहा कि योग तन, मन और आत्मा का संतुलन है। यह न केवल व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाता है, बल्कि उसकी आंतरिक शक्ति को भी जाग्रत करता है।
यह आयोजन केवल एक योग सत्र तक सीमित न रहकर, सामूहिक सकारात्मकता, स्वास्थ्य जागरूकता और आत्मिक शांति का सशक्त उदाहरण बन गया। प्रतिभागियों की सक्रिय उपस्थिति और उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया कि योग अब एक व्यक्तिगत अभ्यास न होकर एक जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।


