विश्व माहवारी दिवस पर यूनिचार्म और YSS फाउंडेशन ने महिलाओं के लिए चलाया विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान
नोएडा। युवा शक्ति वाई एस एस फाउंडेशन एवं यूनिचार्म के संयुक्त तत्वावधान में विश्व मेंस्ट्रुअल हाइजीन दिवस के अवसर पर पूरे महीने भर महिला स्वच्छता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु एक विशेष माहवारी जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

यह अभियान जैमिनी पब्लिक स्कूल, युवा स्ट्रीट स्कूल, सरकारी स्कूल, हाई-राइज सोसाइटीज़ में कार्यरत घरेलू महिलाओं, जग्गी बस्ती, तथा नोएडा के स्लम क्षेत्रों में संचालित हुआ। इसका उद्देश्य महिला स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना रहा।

अब तक 2500 से अधिक महिलाओं और किशोरियों को महिला हाइजीन किट और सैनिटरी पैड्स वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान गौतमबुद्ध नगर पुलिस के सहयोग से संवादात्मक जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं को माहवारी स्वच्छता, महिला अधिकारों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
इस संयुक्त पहल का उद्देश्य न केवल महिलाओं को सुरक्षित और स्वच्छ जीवन के लिए सक्षम बनाना है, बल्कि समाज में उनकी गरिमा और आत्मसम्मान को भी सुदृढ़ करना है। YSS फाउंडेशन और यूनिचार्म का यह प्रयास महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सशक्त कदम है, जो भविष्य में और भी व्यापक रूप लेगा।


