रिवर व्यू सोसाइटी के निवासियों का बड़ा प्रदर्शन NBCC और CR कार्यालय के खिलाफ उठाई मूलभूत सुविधाओं की मांग

रिवर व्यू सोसाइटी के निवासियों का बड़ा प्रदर्शन NBCC और CR कार्यालय के खिलाफ उठाई मूलभूत सुविधाओं की मांग

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। रिवर व्यू सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों ने आज NBCC और CR कार्यालय के खिलाफ एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। यह मार्च रिवर व्यू सोसाइटी से गौर प्रोजेक्ट (लेजर पार्क,फेज-3) के मुख्य द्वार तक निकाला गया, जिसमें भारी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर और बैनर लिए हुए थे और उन्होंने ज़ोरदार नारेबाज़ी की।

प्रदर्शन का उद्देश्य सोसाइटी में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी सुविधाओं की कमी और NBCC की उदासीनता को उजागर करना था।

निवासियों ने बताया कि बिल्डर ने BBA में प्रत्येक फ्लैट को पार्किंग का वादा किया था, लेकिन आज भी सैकड़ों परिवारों को पार्किंग नहीं मिल पाई है। बारिश के मौसम में ओपन लॉबी से लिफ्ट शाफ्ट में पानी भर जाता है, जिससे इलेक्ट्रॉनिक पैनल खराब होते हैं और हादसे का खतरा बना रहता है।सोसाइटी में न तो बच्चों के खेलने के लिए पार्क है और न ही बैठने के लिए हरियाली वाली जगह।

पूरे प्रोजेक्ट में एक भी पेड़ नहीं लगाया गया।निवासियों ने पोडियम पर एक ग्रीन ज़ोन विकसित करने की मांग की है जिससे बच्चों को सुरक्षित और हरियाली भरा वातावरण मिल सके।विकास कार्य पूर्ण हुए लंबा समय बीत चुका है लेकिन आज तक क्लब हाउस में कोई सुविधा नहीं दी गई है। निर्माण संबंधी समस्याओं की मरम्मत और रखरखाव में भी NBCC गंभीरता नहीं दिखा रहा है इसलिए DLP को एक साल और बढ़ाने की मांग रखी गई है।

निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि आने वाले दिनों में इन मुद्दों पर कार्यवाही नहीं हुई, तो विरोध प्रदर्शन और उग्र रूप लेगा।

रिवर व्यू के निवासी पहले भी कई बार पत्राचार, बैठकों और ज्ञापनों के माध्यम से अपनी समस्याएं सामने रख चुके हैं, लेकिन बार-बार आश्वासन देकर उन्हें टाल दिया गया। अब जनता ने फैसला लिया है कि जब तक उनके बुनियादी अधिकार नहीं मिलते, वे शांत नहीं बैठेंगे। यह विरोध सिर्फ एक शुरुआत है अभी अगले हफ्ते फिर से प्रदर्शन की योजना बनाई जा रही है।