सलाम नमस्ते ने 'मेरा गांव मेरी धरोहर' अभियान के तहत ग्रामीण संस्कृति को दिया मंच
नोएडा। सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते, स्मार्ट संस्था के संयुक्त तत्वावधान में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित अभियान “मेरा गांव मेरी धरोहर” का स्थानीय समुदायों को जोड़ने और उनकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। सोमवार को इस अवसर पर आयोजित सामुदायिक भागीदारी कार्यक्रम में सलारपुर गांव के छात्रों ने अपने गांव की झलक प्रस्तुत की।

सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि मेरा गांव मेरी धरोहर” एक राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य भारत के गांवों की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करना तथा उसे देश-विदेश तक पहुंचाना है। संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित इस अभियान के तहत गांवों की कला, संस्कृति, इतिहास एवं लोक परंपराओं का सांस्कृतिक मानचित्रण कर उन्हें डिजिटल स्वरूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। सलाम नमस्ते द्वारा संचालित इस सप्ताहिक कार्यक्रम के दौरान मोरना गांव की महिलाओं ने लोक गीत “मेरा गांव मेरी शान” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वहीं मकनपुर, जितवारपुर एवं सलारपुर के युवाओं और महिलाओं ने अपने-अपने गांवों के इतिहास, सांस्कृतिक गतिविधियों, लोक नृत्यों तथा कृषि से जुड़ी पारंपरिक जानकारियों को साझा किया।
उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो ने ग्रामीण समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण, प्रचार एवं प्रसार में एक सशक्त मंच प्रदान किया। कार्यक्रम ने ग्रामीण समुदायों में अपनी विरासत के प्रति जागरूकता और गर्व की भावना को भी मजबूत किया गया।


