कोटेदार के खिलाफ ग्राम प्रधान ने डीएम को सौंपा पत्रक
मरदह। ब्लॉक के ग्राम पंचायत तेजपुरा के ग्राम प्रधान रामसुधार यादव ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर गांव के सरकारी राशन की दुकान के दुकानदार दुकान निरस्त कर कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। ग्राम प्रधान ने पत्रक में आरोप लगाया है कि 19 दिसम्बर को शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार कासिमाबाद अनुराग यादव द्वारा जांच की गयी थी। इसमें मनमाने ढंग से 6 बजे सुबह राशन बांटने, एक से पांच किग्रा तक वितरण किए गए कार्ड धारकों का राशन कम मिलने, स्टॉक में काफी विसंगति मिलने, राशन के दुकान के अभिलेखों के पूर्ण न होने की विसंगति मिली थी। नायब तहसीलदार द्वारा एसडीएम कासिमाबाद को जांच रिपोर्ट सौंपने पर भी कोई कार्यवाही नहीं की गयी है। प्रधान ने कार्रवाई नहीं करने पर ग्रामीणो के साथ धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।


