उ0प्र0 पीजी बिजनेस एसोसिएशन की मासिक बैठक संपन्न, संगठन के विस्तार को मिली नई गति
विभिन्न सेक्टरों में कोऑर्डिनेटर्स नियुक्त; 250 से 300 सदस्य जुड़े, लगभग 10,000 लोगों को आवास सुविधा उपलब्ध करा रहा संगठन
नोएडा। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के संरक्षण एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री विकास जैन जी के मार्गदर्शन में कार्यरत उत्तर प्रदेश पीजी बिजनेस एसोसिएशन (UPPGBA) की नवंबर माह की मासिक जनरल मेंबर्स मीटिंग आज सेक्टर-22 स्थित सफ्रॉन बैंक्वेट हॉल, नोएडा में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अंकुर बंसल, उपाध्यक्ष श्री निशांत सारस्वत, सचिव श्री नितिन अग्रवाल, सचिव सुश्री शमा परवीन, कोषाध्यक्ष श्री अजय सोनी एवं एसोसिएशन की वरिष्ठ सदस्य तथा कोर टीम की विशिष्ट सदस्य श्रीमती गीता चौहान सहित बड़ी संख्या में पीजी एवं एकोमोडेशन व्यवसाय से जुड़े सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य पीजी एवं एकोमोडेशन व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को संगठित करना, उनकी व्यावसायिक एवं स्थानीय समस्याओं का समाधान करना, व्यवसाय को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना तथा संगठन का विस्तार करते हुए जमीनी स्तर पर एक मजबूत नेटवर्क तैयार करना रहा।
विभिन्न सेक्टरों में सेक्टर कोऑर्डिनेटर्स की नियुक्ति, संगठन को मिलेगी नई मजबूती
एसोसिएशन ने अपने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों के लिए सेक्टर कोऑर्डिनेटर्स की जिम्मेदारी सदस्यों को सौंपी। इनका प्रमुख दायित्व अपने-अपने क्षेत्रों के पीजी संचालकों को एकजुट करना, उनकी रोजमर्रा की व्यावसायिक समस्याओं को समझना एवं उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा।
नवनियुक्त सेक्टर कोऑर्डिनेटर्स की सूची
1. सेक्टर 15 (नया बांस) – सोनू पांडेय
2. सेक्टर 19 – वर्तुल शर्मा
3. सेक्टर 20 एवं 26 – सिद्धार्थ शर्मा
4. सेक्टर 126 (रायपुर) – शुभम (शुभ पीजी)
5. सेक्टर 62, 63, 63A (छारसी गांव) एवं नवादा रसूलपुर – हिमांशु (पीजी वाला)
6. सेक्टर 40 एवं 41 – सुश्री दीप्ति अग्रवाल
7. सेक्टर 50-51 (होशियारपुर) – वीर चौहान
8. सेक्टर 52-53 – एच.एम. गुप्ता
9. सेक्टर 61 – संजीव (लिविंग पॉइंट)
10. सेक्टर 70, 71, 72, 73, 121, 122 एवं सरफाबाद – राहुल मिश्रा
इन सभी सेक्टर कोऑर्डिनेटर्स की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने क्षेत्र के पीजी संचालकों और एसोसिएशन के बीच एक मजबूत कड़ी बनें। स्थानीय आरडब्ल्यूए के साथ समन्वय स्थापित करना, स्थानीय स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाना, शासन-प्रशासन से संबंधित विषयों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी समन्वय करना इनके प्रमुख कार्य होंगे।
एसोसिएशन का मानना है कि इस व्यवस्था से प्रत्येक सेक्टर के पीजी संचालकों को एक संगठित मंच मिलेगा और उनकी समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा।
GST एवं टैक्स संबंधी समस्याओं पर CA का विशेष सत्र
व्यापारियों की वित्तीय एवं कानूनी समझ को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बैठक में CA अंकिया हुड़िया जी द्वारा GST कंसल्टेशन एवं कंप्लायंस पर विशेष जानकारीपूर्ण सत्र आयोजित किया गया।
इस दौरान पीजी एवं एकोमोडेशन व्यवसाय से संबंधित GST नियमों, अनुपालन प्रक्रियाओं, टैक्स प्लानिंग एवं विभिन्न व्यावसायिक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सदस्यों ने अपने व्यवसाय से जुड़े व्यावहारिक प्रश्न पूछे और अपनी समस्याओं को विशेषज्ञ के समक्ष रखा। CA द्वारा विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए व्यापारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। यह सत्र अत्यंत संवादात्मक एवं उपयोगी रहा।
प्रीपेड बिजली मीटर पर विशेष प्रेजेंटेशन, बिजली खर्च को नियंत्रित करने के उपायों पर चर्चा के साथ साथ बैठक में बिजली के खर्च एवं दैनिक संचालन को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के विषय पर भी विशेष चर्चा हुई।
इस अवसर पर ऊर्जावी कंपनी के सीईओ श्री सुजीत गुप्ता जी ने प्रीपेड बिजली मीटर की कार्यप्रणाली, इसके व्यावसायिक उपयोग, बिजली की खपत पर नियंत्रण तथा पीजी संचालन में आने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तृत प्रेजेंटेशन दी।
उन्होंने बताया कि किस प्रकार प्रीपेड मीटर तकनीक के माध्यम से बिजली की खपत पर निगरानी रखी जा सकती है तथा संचालन को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है। सदस्यों ने इस विषय में विशेष रुचि दिखाई और अपने व्यवसाय में इस तकनीक के उपयोग की संभावनाओं को समझा।
UPPGBA की वेबसाइट एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का डेमो
एसोसिएशन को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में आगामी UPPGBA वेबसाइट का डेमो एवं प्रीव्यू भी प्रस्तुत किया गया।
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य सभी सदस्यों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जिसके माध्यम से वे आपस में जुड़ सकें, व्यावसायिक जानकारियों का आदान-प्रदान कर सकें तथा एसोसिएशन की गतिविधियों एवं सुविधाओं का लाभ उठा सकें।इसके अतिरिक्त नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने एवं उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से सदस्यता प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
250 से 300 सदस्य, लगभग 10,000 लोगों के आवास की जिम्मेदारी
एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुर बंसल ने बताया कि उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष श्री विकास जैन जी के संरक्षण एवं दूरदर्शी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पीजी बिजनेस एसोसिएशन निरंतर अपने संगठनात्मक दायरे का विस्तार कर रही है।
आज एसोसिएशन से लगभग 250 से 300 पीजी एवं एकोमोडेशन व्यवसायी जुड़ चुके हैं, जिनके माध्यम से लगभग 10,000 विद्यार्थियों एवं कामकाजी लोगों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य केवल पीजी संचालकों के व्यावसायिक हितों की रक्षा करना नहीं है, बल्कि इस पूरे क्षेत्र को एक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं जिम्मेदार व्यावसायिक पहचान दिलाना भी है।
एसोसिएशन पीजी संचालकों की समस्याओं का सामूहिक समाधान, प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय, व्यापारियों के हितों की रक्षा तथा पीजी में रहने वाले विद्यार्थियों एवं अन्य अतिथियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
संगठन नहीं, एक मजबूत व्यावसायिक व्यवस्था बनाने का संकल्प
अध्यक्ष अंकुर बंसल ने कहा कि पीजी एवं एकोमोडेशन व्यवसाय आज नोएडा जैसे शैक्षणिक एवं औद्योगिक शहर की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुका है। हजारों विद्यार्थी और कामकाजी युवा इस व्यवस्था के माध्यम से अपने घर से दूर रहकर शिक्षा एवं रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में पीजी संचालकों और वहां रहने वाले लोगों, दोनों के हितों की रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन आने वाले समय में नोएडा के प्रत्येक सेक्टर तक अपनी पहुंच बनाएगी। स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान की व्यवस्था विकसित करेगी तथा शासन-प्रशासन, आरडब्ल्यूए और व्यापारियों के बीच एक प्रभावी संवाद स्थापित करने का कार्य करेगी।
उन्होंने संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ सदस्यों, सेक्टर कोऑर्डिनेटर्स एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संगठन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन सभी व्यापारियों का साझा मंच है जो अपने व्यवसाय को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देना चाहते हैं।
उत्तर प्रदेश पीजी बिजनेस एसोसिएशन, प्रदेश अध्यक्ष श्री विकास जैन जी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के साथ मिलकर व्यापारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
एसोसिएशन का संकल्प है : संगठित व्यापारी | सुरक्षित व्यवसाय | बेहतर आवास | मजबूत संगठन।


