टाटा पावर-डीडीएल ने छह ऑफिस बिल्डिंग्स के लिए हासिल किया लीडरशिप इन एनर्जी एंड एन्वायरनमेंटल डिजाइन (LEED) प्लेटिनम सर्टिफिकेशन
नई दिल्ली नॉर्थ दिल्ली में लगभग 90 लाख की आबादी को बिजली आपूर्ति करने वाली अग्रणी पावर यूटिलिटी टाटा पावर-डीडीएल ने अपनी छह अतिरिक्त मौजूदा ऑफिस बिल्डिंग्स के लिए, LEED v4.1 EBOM (मौजूदा बिल्डिंग्सः ऑपरेशंस एंड मेंटीनेंस) रेटिंग सिस्टम के तहत् लीडरशिप इन एनर्जी एंड एन्वायरनमेंटल डिजाइन (LEED) प्लेटिनम सर्टिफिकेशन प्राप्त कर लिया है। ये बिल्डिंग्स हैंः लर्निंग एंड डेवलपमेंट सेंटर (सेनपीड), रानी बाग प्रोटेक्शन ऑफिस तथा चार प्रमुख जिला कार्यालय। इन सभी भवनों ने यू.एस. ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल द्वारा निर्धारित तथा ग्रीन बिजनेस सर्टिफिकेशन इंक. द्वारा सत्यापित LEED ग्रीन बिल्डिंग रेटिंग सिस्टम संबंधी सभी आवश्यकताओं को पूरा कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि लीड प्लेटिनम, यू..एस. ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल एंड ग्रीन सर्टिफिकेशन इंक. (USGBC/GBCL) द्वारा प्रदान की जाने वाली सर्वोच्च रेटिंग है जो कि ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण, सस्टेनेबल कार्य प्रणालियों एवं आंतरिक वातावरण की गुणवत्ता, तथा डिजाइन में नवाचार संबंधी उत्कृष्टताओं को मान्यता देती है।
इसके साथ ही, अब तक टाटा पावर-डीडीएल के कुल 10 मौजूदा भवनों को LEED प्लेटिनम सर्टिफिकेशन प्राप्त हो चुका है। इससे पहले, 2022 में टाटा पावर-डीडीएल के कार्पोरेट कार्यालय समेत चार प्रमुख कार्यालयों को भी यह सम्मान मिल चुका है।
टाटा पावर-डीडीएल की ग्रीन बिल्डिंग कार्य प्रणालियों के कड़े मूल्यांकन के बाद यह सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया है। इसके अंतर्गत, ऊर्जा दक्ष एलईडी लाइटिंग और एचवीएसी सिस्टम्स, प्राकृतिक संसाधनों का समुचित उपयोग और जल संरक्षण संबंधी प्रयास, आंतरिक वातावरण की बेहतर गुणवत्ता। डिस्कॉम के इन कार्यालयों के ऑपरेशन एवं मेंटीनेंस पक्षों का मूल्यांकन सस्टेनेबिलिटी के प्रमुख मानदंडों जैसे ऊर्जा बचत, जल संरक्षण, और कार्बन फुटप्रिंट आदि के आधार पर किया गया और इन्हें ग्लोबल मानकों के अनुरूप पाया गया।
इस उपलब्धि के बारे में, श्री द्विजदास बसाक, टाटा पावर-डीडीएल ने कहा, “हम सस्टेनेबल भविष्य का निर्माण करने और इनोवेटिव कार्य-पद्धतियों तथा जिम्मेदार परिचालन के माध्यम से अपने कार्बन फुटप्रिंट कम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे 10 कार्यालय भवनों के लिए LEED प्लेटिनम सर्टिफिकेशन प्राप्त करना वास्तव में, पर्यावरण के प्रति हमारे समर्पण और टाटा पावर के दीर्घकालिक सस्टेनेबिलिटी लक्ष्यों को दर्शाता है। ये उपलब्धियां हमारे कड़े परिश्रम और विभिन्न फंक्शंस में कार्यरत हमारी टीमों के परस्पर तालमेल को दर्शाती है।”
यह नवीनतम उपलब्धि सस्टेनेबिलिटी के मामले में टाटा पावर-डीडीएल की प्रतिबद्धता और डिस्कॉम द्वारा अपने कार्बन फुटप्रिंट कम करने के प्रयासों को और मजबूती देगी।


