शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों से मसाले के 18 नमूने जांच हेतु किए संग्रहित
गौतम बुद्ध नगर। जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण मसालें एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं।

इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आम जनमानस को शुद्ध व गुणवत्ता युक्त मसालें एवं अन्य खाद्य पेय पदार्थ की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने हेतु आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा की द्वारा जहांगीरपुर जेवर तहसील स्थित के एसपीआर स्पाइसेस एंड सीज़निंग प्रा0लि0 मसाला पैकिंग इकाई से 01 नमूना खुली कशमीरी मिर्च का एवं 01 नमूना हल्दी पाउडर का खुला व 01 नमूना पैक्ड लिया गया तथा अवशेष 199 किग्रा खुली कश्मीरी मिर्च व 2479 किग्रा हल्दी पाउडर जो कि बाहर से पैकिंग के लिए मंगाई गई थी, के निर्माण संबंधी अभिलेख आदि मौके पर न होने के कारण सीज कर दी गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस. के. पाण्डेय द्वारा सेक्टर-57 नोएडा स्थित टुडे इंडस्ट्रीज प्रा0लि0 मसाला निर्माण इकाई से हल्दी साबुत व हल्दी पाउडर का 01-01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह द्वारा काव्यम फूड्स कासना स्थित मसाला निर्माण इकाई से लाल मिर्च पाउडर, साबुत लाल मिर्च, धनिया पाउडर व साबुत धनिया का 01-01 नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा इकोटेक 3 ग्रेटर नोएडा स्थित के डी फूड्स स्पेशलटीज मसाला निर्माण इकाई से लाल मिर्च पाउडर खुली व पैक्ड का 01-01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज द्वारा सेक्टर 73 नोएडा स्थित अभि प्योर ब्रांड मसाले की निर्माण इकाई से धनिया पाउडर खुला व पैक्ड का 01-01 नमूना लिया गया।
इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती द्वारा इकोटेक 6 ग्रेटर नोएडा स्थित नुइवी स्पाइसेस प्रा0लि0 से हल्दी पाउडर का व साबुत हल्दी का 01-01 नमूना एवं धर्म पाल सत्यपाल फूड्स लि0 से साबुत धनिया, धनिया पाउडर खुला एवं धनिया पाउडर पैक्ड का 01-01 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 18 नमूनें लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गये।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।


