लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण - मेघनाद वध एवं सुलोचना सती की लीलाओं ने दर्शकों को किया भावविभोर

लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण - मेघनाद वध एवं सुलोचना सती की लीलाओं ने दर्शकों को किया भावविभोर

नोएडा: श्री सनातन धर्म रामलीला समिति के तत्वावधान में हरि भक्ति कला ट्रस्ट द्वारा आयोजित रामलीला का भव्य मंचन नोएडा स्टेडियम में किया गया। प्रसिद्ध निर्देशक श्री पंकज शर्मा के निर्देशन में प्रस्तुत इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में भगवान श्रीराम की लीलाओं का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसे देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।

लक्ष्मण शक्ति से लेकर मेघनाद वध तक का भावपूर्ण मंचन
कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्मण शक्ति लीला से हुआ। इसमें मेघनाद की शक्ति से लक्ष्मण जी के मूर्छित होने तथा हनुमान जी द्वारा संजीवनी बूटी लाकर उन्हें पुनः चेतना प्रदान करने का भावपूर्ण दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात कुंभकरण को निद्रा से जगाने, उसके द्वारा रावण को भगवान श्रीराम से संधि करने की सलाह देने तथा रावण द्वारा संधि प्रस्ताव अस्वीकार करने के प्रसंग का मंचन हुआ। अंततः भगवान श्रीराम की सेना के साथ हुए युद्ध में कुंभकरण का वध हुआ।

इसके बाद मेघनाद द्वारा निकुंभला देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हवन के माध्यम से शक्ति प्राप्त करने के प्रयास तथा लक्ष्मण जी द्वारा हनुमान जी और वानर सेना के सहयोग से हवन विफल करने के प्रसंग को दर्शाया गया। इसके पश्चात लक्ष्मण जी के हाथों मेघनाद का वध हुआ। मेघनाद की मृत्यु का समाचार मिलने पर सुलोचना का विलाप तथा अपने पति का शीश प्राप्त करने के लिए रामदल में पहुंचने का मार्मिक दृश्य प्रस्तुत किया गया। वहीं, रावण द्वारा नारांतक को युद्ध के लिए भेजने और सुग्रीव के पुत्र दधिबल द्वारा उसका वध किए जाने की लीला ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

प्रमुख कलाकारों की भूमिकाएँ

श्रीराम: अभिषेक शर्मा, लक्ष्मण: मोहित यादव, हनुमान जी: ऋषभ शर्मा, रावण: अमित शर्मा, मेघनाद: विनय, सुलोचना: ऊषा, कुंभकरण: सुरेंद्र ठाकुर, नारांतक: सनी, विभीषण: अतुल, सुग्रीव: नितिन

सभी कलाकारों ने अपने-अपने पात्रों को पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रभावशाली भाव-भंगिमाओं के साथ जीवंत कर दिया। उनके उत्कृष्ट अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष एवं तालियों से गूंज उठा। मंच पर प्रस्तुत दृश्य केवल नाटकीय प्रस्तुति तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उनमें सनातन संस्कृति, धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों की सजीव झलक भी देखने को मिली।

गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, नोएडा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन तथा नोएडा पंजाबी एकता समिति के सदस्य विनीत मेहता एवं नरेंद्र चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इसके अतिरिक्त नवीन सोनी, प्रवीण बंसल, जी.एन. चौरसिया, संजय बाली, सुशील भारद्वाज, अल्पेश गर्ग, मित्रा शर्मा, मुकेश शर्मा, श्री चंद्रपाल सिंह, प्रमोद रंगा, प्रवीण सिंगरिया एवं विनय शर्मा सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए उनसे आगामी कार्यक्रमों में भी सपरिवार उपस्थित होकर रामलीला का आनंद लेने तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों और सनातन संस्कृति के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया।

विजयादशमी पर होगा रावण, मेघनाद एवं कुंभकरण के पुतलों का दहन
रामलीला समिति की ओर से जानकारी दी गई कि कल, विजयादशमी के पावन अवसर पर नोएडा स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सायं 5:00 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि रात्रि 8:30 बजे रावण, मेघनाद एवं कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ. महेश शर्मा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, वाई.पी. सिंह, कैप्टन विकास गुप्ता एवं श्रीमती विमला बाथम उपस्थित रहेंगे।

समिति ने समस्त नगरवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनने तथा असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व को उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाने की अपील की।