संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हुआ 108 कुंड में वैदिक मंत्रों के साथ हवन
नोएडा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को नोएडा के सेक्टर 5 हरौला स्थित सामुदायिक भवन पर ' विराट हिंदू सम्मेलन' का आयोजन किया गया। सम्मेलन में स्वयंसेवकों, जनसामान्य लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। साथ ही 108 कुंड में वैदिक मंत्रों के साथ हवन किया गया। हवन के बाद लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वृंदावन के पं . ज्ञानेश गौड़ महाराज उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि सामाजिक समरसता के माध्यम से जाति-पाति के भेदभाव को समाप्त कर समाज को एक सूत्र में बांधना आवश्यक है।
कार्यक्रम के संयोजक राम अवतार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संघ ने अपने 100 वें वर्ष में समाज और राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से पंच प्रण (पंच परिवर्तन) का संकल्प लिया है।
उन्होंने बताया कि पंच परिवर्तन के अंतर्गत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्य जैसे पांच प्रमुख स्तंभ शामिल हैं। इसका उद्देश्य संघ के स्वयंसेवकों के माध्यम से राष्ट्र को आत्मनिर्भर, संगठित और शक्तिशाली बनाना है।
कुटुंब प्रबोधन के तहत परिवार संस्था को मजबूत करते हुए बच्चों में भारतीय संस्कारों का विकास किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत प्रकृति के साथ संतुलन, पौधरोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को अपनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने स्वदेशी आचरण को आत्मनिर्भर भारत की नींव बताते हुए देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग का आह्वान भी किया।
इस मौके पर उत्तरप्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा की तरफ से नरेश कुच्छल, दिनेश महावर, मनोज भाटी, दिवाकर, महकार नागर, महेंद्र गोयल, राधेश्याम गोयल, सत्यनारायण गोयल, ऋषि अवाना, बृजमोहन राजपूत , पवन गुप्ता, मोहन, ओम कैलाश गुप्ता, कपिल भाटिया, सोहनवीर, सुभाष त्यागी, प्रमोद त्यागी, राहुल त्यागी, अनिल गर्ग आदि बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


