वाईएसएस फाउंडेशन ने मनाया स्ट्रीट चिल्ड्रन के साथ होली उत्सव 'रंग दे खुशियां'
नोएडा। समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरने के उद्देश्य से वाईएसएस फाउंडेशन द्वारा 01 मार्च 2026 को युवा स्ट्रीट टू स्कूल, सेक्टर-126, नोएडा में “रंग दे खुशियां – स्ट्रीट चिल्ड्रन के साथ होली उत्सव” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस विशेष पहल का उद्देश्य स्ट्रीट एवं वंचित बच्चों के साथ होली का त्योहार सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आनंदपूर्ण वातावरण में मनाना था, ताकि प्रत्येक बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके और उन्हें समाज से अपनापन एवं जुड़ाव का अनुभव हो।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) रंगों से होली खेली गई, मिठाई एवं अल्पाहार वितरित किए गए तथा बच्चों को उपहार प्रदान किए गए। संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर दुर्गा प्रसाद दुबे ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक सोच को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा “हर रंग में मुस्कान – क्योंकि हर बच्चा रंगों का हकदार है।”
वाईएसएस फाउंडेशन के संरक्षक एन. के. अग्रवाल ने बताया कि संस्था अपने युवा स्ट्रीट टू स्कूल अभियान के माध्यम से शिक्षा, सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत है। यह आयोजन भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे समाज के प्रत्येक बच्चे को समान अवसर एवं खुशियों का अधिकार मिल सके।
कार्यक्रम में दुर्गा प्रसाद दुबे, सोनू वर्मा, कुशल तिवारी, युवाक्षी, संदीप यादव, कुशाल दीक्षित, रिद्धि अग्रवाल, अर्पण दास, अरिजीत नंदी, अश्विन पराते सहित स्थानीय नागरिकों एवं युवा शक्ति के कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति रही।
संस्था ने सभी स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से भविष्य में भी इस प्रकार की पहलों में सक्रिय सहभागिता कर बच्चों के साथ खुशियों के रंग साझा करने का आह्वान किया।


