वाईएसएस फाउंडेशन द्वारा स्तन कैंसर जागरूकता एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का सफल आयोजन
नोएडा। स्वस्थ नारी – सशक्त समाज अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता एवं युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वाईएसएस फाउंडेशन द्वारा मेदांता अस्पताल, सेक्टर 50, नोएडा में स्तन कैंसर जागरूकता एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन श्री सुनील नेहरा के समन्वयन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्तन कैंसर के प्रति वैज्ञानिक एवं प्रमाणिक जानकारी प्रदान करना, प्रारंभिक पहचान (अर्ली डिटेक्शन) के महत्व को समझाना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में वाईएसएस फाउंडेशन की महिला विंग की विशेष एवं सक्रिय भूमिका रही। सुश्री मुस्कान चौहान के सहयोग तथा महिला टीम लीडर युवाक्षी धौंडियाल के नेतृत्व में संपूर्ण कार्यक्रम की व्यवस्थाएँ अत्यंत सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं प्रभावशाली रहीं।

कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताएँ:
स्तन कैंसर के लक्षणों एवं जोखिम कारकों पर विस्तृत विशेषज्ञ जानकारी
स्वयं स्तन परीक्षण (सेल्फ एग्ज़ामिनेशन) की सही एवं वैज्ञानिक विधि का प्रदर्शन
नियमित स्क्रीनिंग एवं मैमोग्राफी के महत्व पर चिकित्सकीय मार्गदर्शन
भ्रांतियों एवं सामाजिक मिथकों का तथ्यात्मक समाधान
युवाओं की सामाजिक भागीदारी एवं जागरूकता प्रसार में भूमिका पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों में डॉ. वुथलुरु सीनू (निदेशक),
डॉ. मल्लिका धांडा (परामर्शदाता), डॉ. शिखर अग्रवाल (वरिष्ठ रेज़िडेंट), डॉ. शिवाली सिंगला (कार्यकारी परामर्शदाता), तथा सुश्री गुलफशा खान (वरिष्ठ शिक्षिका) ने प्रतिभागियों को विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की।
विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर जांच और सही चिकित्सा परामर्श के माध्यम से स्तन कैंसर का प्रभावी एवं सफल उपचार संभव है। प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर उपचार की सफलता दर अत्यधिक बढ़ जाती है।
वाईएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने अपने वक्तव्य में कहा कि संस्था स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय रहकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और व्यापक जन-जागरूकता स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वाईएसएस फाउंडेशन के मेडिकल इंचार्ज विकास कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए एक ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध हुआ, जिसमें प्रतिभागियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, जांच प्रक्रियाओं एवं स्वास्थ्य प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने परिवार एवं समाज में स्तन कैंसर जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।


