सीएम योगी ने दिखाई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी
नोएडा। आज मुख्यमंत्री योगी द्वारा लखनऊ एवं नौएडा, ग्रेटर नौएडा एवं यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों से 11-11 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई गई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की दूरदर्शी नीति के तहत ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में बढ़ाया गया यह कदम क्षेत्र को देश के सामने एक अग्रणी मॉडल के रूप में स्थापित करेगा। इस नई सेवा के तहत प्रथम चरण में नौएडा क्षेत्र में 50 बस, ग्रेटर नौएडा क्षेत्र में 25 बस व यमुना क्षेत्र में 25 बसें कुल 100 अत्याधुनिक वातानुकूलित (AC) ई-बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है, जिसे भविष्य में जनता की मांग के अनुसार 500 बसों तक विस्तार करने का लक्ष्य है। आम जनता, कामकाजी पेशेवरों और छात्रों की सुविधा के लिए यात्रा को किफायती रखते हुए किराया मात्र ₹20, ₹30 और अधिकतम ₹50 निर्धारित किया गया है। सभी बसें निर्धारित समय सारिणी के अनुसार चलेंगी और यात्रियों की सुरक्षा व सुलभ सफर के लिए इनमें रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग की डिजिटल सुविधा भी मिलेगी। शत-प्रतिशत इलेक्ट्रिक होने के कारण ये बसें शून्य प्रदूषण पर आधारित हैं, जिससे वायु व ध्वनि प्रदूषण में कमी आएगी और सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होने से लोगों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।
कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए यह सेवा मुख्य रूप से चार प्रमुख रूटों पर संचालित की जा रही है। इन रूटों में बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, बॉटेनिकल गार्डन से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बॉटेनिकल गार्डन से कलेक्ट्रेट (सूरजपुर) वाया फेस-II और बॉटेनिकल गार्डन से नया बस अड्डा गाजियाबाद शामिल हैं, जो स्थानीय निवासियों, आईटी हब और औद्योगिक क्षेत्रों को आपस में जोड़ेंगे।
नौएडा क्षेत्र में शिल्प हाट, सैक्टर-33 में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सांसद डॉ. महेश शर्मा, नौएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल, विशेष कार्याधिकारी क्रांति शेखर, महाप्रबन्धक एस०पी० सिंह, महाप्रबन्धक ए०के० अरोड़ा, महाप्रबन्धक आर०पी० सिंह व नौएडा प्राधिकरण के अन्य अधिकारीगण, यूपीएसआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबन्धक व अन्य अधिकारी, फोनरवा अध्यक्ष, एनईए अध्यक्ष, कोनरवा अध्यक्ष एवं विभिन्न आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि व नौएडा के शहर व ग्रामवासी उपस्थित रहे।
वहीं लखनऊ कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री वित्त सतीश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, औद्योगिक विकास आयुक्त, प्रबन्ध निदेशक परिवहन द्वारा लखनऊ से प्रतिभाग किया गया।


