गुरु पूर्णिमा पर्व पर डॉ. छाया जैन देंगी कथक की मनमोहक प्रस्तुति
उज्जैन। गुरु पूर्णिमा पर्व 2026 के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या में ग्वालियर की सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना डॉ. छाया जैन अपनी शास्त्रीय कथक नृत्य प्रस्तुति देंगी।
यह कार्यक्रम 29 जुलाई 2026, सायं 6:00 बजे से त्रिवेणी कला एवं पुरातत्व संग्रहालय, उज्जैन में आयोजित होगा। कार्यक्रम में कथक की भावपूर्ण एवं आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा का मनोहारी प्रदर्शन किया जाएगा।
डॉ. छाया जैन के साथ उनकी शिष्याएँ भाव्या जैन, गर्विता दत्ता एवं सृष्टि विश्वास भी मंच साझा करेंगी। तबला संगत श्री अब्दुल हनीफ खान तथा हारमोनियम संगत श्री सलमान खान द्वारा की जाएगी।
डॉ. छाया जैन पिछले 20 से अधिक वर्षों से कथक के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय हैं। वे कथक में पीएच.डी. उपाधि प्राप्त हैं तथा कला रत्न सम्मान, सरस्वती सम्मान एवं कला गौरव सम्मान सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुकी हैं। उनकी प्रस्तुतियाँ देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर सराही गई हैं।


