ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल में भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ गुरु पूर्णिमा उत्सव 

ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल में भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ गुरु पूर्णिमा उत्सव 

नोएडा। भारतीय युग वशिष्ठ ब्रह्मानंद संघ के सभापति कृपा बिंदु भट्टाचार्य जी के निर्देशन में दिल्ली शाखा द्वारा गुरु पूर्णिमा का भव्य आयोजन यहां सेक्टर 20 स्थित ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद  श्री गुरु ब्रह्मानंद शास्त्री जी के शिष्यों ने हरित गुरु दक्षिणा यानी पौधारोपण कर सामूहिक जप एवं गुरु पूजन किया।

वहीं गुरु-शिष्यों द्वारा गुरु चर्चा एवं पूज्य गुरुदेव भगवान द्वारा दी गई शिक्षाओं पर वृहद चर्चा आयोजित की गई। इसी के साथ ही दरिद्र नारायण सेवा के रूप में भंडारा सेवा का आयोजन कर प्रसाद वितरित किया गया।

इस दौरान हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्य, संगीत के साथ ही 'जीवन का सार' विषय पर एक लघु नाटिका का भी मंचन ब्रह्मानंद ऑडीटोरियम में किया गया।

गुरु पूर्णिमा समारोह के दौरान आयोजित पूजा में प्रत्येक व्यक्ति भक्ति में सराबोर एवं गुरु के प्रति समर्पित दिखाई दिया।

पूजा में विशेष रूप से दिल्ली शाखा अध्यक्ष एवं संस्थापक ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल गौतम दासगुप्ता, सहायक महासचिव उदयन घोष, सचिव ज्योत्सना मजूमदार, कोषाध्यक्ष चिरंजीव गुप्ता, सहायक सचिव गौतम शाह एवं शिवम ठाकुर सहित भारतीय युग वशिष्ठ ब्रह्मानंद संघ दिल्ली शाखा के सभी सदस्यगण तथा आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। 
समारोह का समापन सुमधुर संगीतबद्ध सामुहिक भजन संध्या के साथ हुआ।