बड़े सपने देखें और निरंतर उन पर काम करें : शक्ति मोहन अवस्थी
नोएडा: बीआईटी नोएडा में आयोजित चतुर्थ आई सी आई ई एम 2026. सतत डिजिटल भविष्य के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं हरित नवाचार को शक्ति प्रदान करने अग्रिम पीढ़ी की तकनीकें 2026 समापन समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री शक्ति मोहन अवस्थी (IPS), डीसीपी, सेंट्रल नोएडा रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने रखने, एवं लगन से काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब आप लगातार एवं बिना थके किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति में लगे रहेंगे तभी आपको सफलता मिलेगी।

विशिष्ट अतिथि श्वेता बेरी मुख्य कार्यकारी अधिकारी, महानादया यूनिवर्सल कंसल्टेंसी) ने अपने उद्बोधन में उद्योग और शिक्षा के समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को व्यावहारिक कौशल और नवाचार आधारित सोच अपनानी होगी। वहीं शार्क टैंक से वित्तपोषण प्राप्त कर्वी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सह संपादक यश गोयल ने स्टार्टअप इकोसिस्टम में डिजिटल नवाचार की भूमिका को रेखांकित करते हुए युवाओं को जोखिम लेने और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन के दौरान आयोजित पेपर प्रस्तुति प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार शाश्वत कश्यप, द्वितीय पुरस्कार मनीष कुमार तथा तृतीय पुरस्कार संयुक्त रूप से सृष्टि कश्यप एवं ईशान गौर को प्रदान किया गया। मंच संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी मिसेज रचना प्रतीक, सृष्टि कश्यप एवं रिद्धिमा ने सफलतापूर्वक निभाई। कार्यक्रम में संयुक्त सचिव डॉ. अरुण मित्तल ने सम्मेलन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें विभिन्न ट्रैक्स में हुए शोध एवं चर्चाओं का समग्र विवरण दिया गया। इस अवसर पर सत्र समन्वयक, एवं छात्र स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर निदेशक प्रो. विकास त्रिपाठी एवं प्रो. शंकर लाल गुप्ता द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. मीनाक्षी शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह सम्मेलन नवाचार, अनुसंधान एवं सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


