गंगा में नहाने गया युवक डूबा, तीन बहनों में इकलौता था युवक
गाजीपुर। जमानियां कोतवाली क्षेत्र के चक्काबांध गांव स्थित गंगा नदी में सावन के आखिरी सोमवार को सुबह करीब छह बजे नहाने आए तीन साथी डूबने लगे। डूब रहे दो साथियों को घाट पर मौजूद लोगों ने बचा लिया, जबकि किशोर का पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची पुलिस किशोर की तलाश में जुट गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के सिसौड़ा गांव निवासी आदित्य तिवारी (16) अपने साथियों के साथ सावन के आखिरी सोमवार पर गंगा नदी में स्नान करने आया था। स्नान करने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनकी मदद की गुहार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने दो साथियों को तो बचा लिया, जबकि आदित्य गहरे पानी में चला गया । उसे खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कर दी है। इस संबंध में चौकी प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि चंदौली जनपद के सिसौड़ा गांव निवासी आदित्य अपने साथियों के साथ गंगा में स्नान कर जल भरने आया था, जो नहाने के दौरान डूब गया। गोताखोरों की मदद से खोजबीन की जा रही है।
इकलौता पुत्र है आदित्य, राखी के पूर्व हुई घटना से बिलख उठीं बहनें
घटना की जानकारी होते ही रोते- बिलखते घाट पर पहुंचते किशोर के दादा रामनिवास तिवारी ने बताया कि आदित्य दसवीं कक्षा का छात्र है और तीन बहन के बीच इकलौता भाई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार गंगा नदी में स्नान कर जल चढ़ाने के लिए शिव मंदिर जाता है। आज भी वह स्नान कर जल भरने के लिए आया था और ये हादसा हो गया। परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख- पुकार मच गई।


