अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकी जीबीयू की शांभवी सिंह, भारतीय हॉकी टीम संग जीता गोल्ड
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सामाजिक एवं मानविकी संकाय के शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की छात्रा शांभवी सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय, विभाग एवं देश का नाम गौरवान्वित किया है। आईटीईपी (बी.ए.-बी.एड.) छठे सेमेस्टर की छात्रा शांभवी सिंह ने 11 से 16 जून 2026 तक नेपाल के पोखरा स्थित पोखरा रंगशाला स्टेडियम में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल हॉकी चैंपियनशिप-2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता स्कूल गेम्स एजुकेशन फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीईएफआई) के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें भारत और नेपाल की महिला हॉकी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। प्रतियोगिता के अंतर्गत 13 जून 2026 को खेले गए अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने नेपाल को 6-2 के प्रभावशाली अंतर से पराजित कर चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारतीय टीम की सदस्य के रूप में शांभवी सिंह ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का परिचय दिया। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है, बल्कि यह भी सिद्ध किया है कि गौतम बुद्ध
विश्वविद्यालय के विद्यार्थी शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रमिक गतिविधियों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
इस उपलब्धि पर शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. श्रुति कंवर ने शांभवी सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतना अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि शांभवी की यह सफलता विभाग और विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को और अधिक सशक्त बनाती है तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
विभाग के सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी शांभवी सिंह की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि शांभवी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत के बल पर देश, विश्वविद्यालय और विभाग का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर रोशन करती रहेंगी।
शांभवी सिंह की यह सफलता गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है तथा विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।


