सपा नोएडा महानगर में गौरव यादव को मीडिया प्रभारी के साथ उपाध्यक्ष की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर संगठन ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लिया है। पार्टी के सक्रिय, संघर्षशील एवं कर्मठ नेता गौरव कुमार यादव को उनके वर्तमान महानगर मीडिया प्रभारी के दायित्व के साथ-साथ महानगर उपाध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
गौरव कुमार यादव पिछले लगभग पाँच वर्षों से समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के मीडिया प्रभारी के रूप में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने, आमजन की आवाज़ को बुलंद करने, जन आंदोलनों में अग्रिम पंक्ति में रहकर संघर्ष करने तथा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाकर संगठन को नई पहचान दिलाने का कार्य किया है। उनकी निष्ठा, ईमानदारी, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यक्षमता को देखते हुए महानगर नेतृत्व ने उन्हें उपाध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है।
मूल रूप से बिहार-पूर्वांचल से संबंध रखने वाले गौरव कुमार यादव को उपाध्यक्ष बनाए जाने से बिहार-पूर्वांचल समाज एवं समाजवादी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनकी नियुक्ति से बिहार-पूर्वांचल सहित सभी वर्गों के लोगों का समाजवादी पार्टी के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि "गौरव कुमार यादव ने वर्षों से संगठन के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया है। उनकी कार्यशैली, संघर्षशीलता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें इस दायित्व के योग्य बनाती है। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी।"
महानगर महासचिव विकास यादव ने कहा कि "गौरव कुमार यादव की नियुक्ति संगठन के लिए मील का पत्थर साबित होगी। वे पार्टी के समर्पित सिपाही हैं और उनकी सक्रियता से संगठन को बूथ स्तर तक नई मजबूती मिलेगी।"
अपनी नियुक्ति पर गौरव कुमार यादव ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव जी,प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ,महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता, महानगर महासचिव विकास यादव तथा सभी समाजवादी साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "पार्टी ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाना, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।" उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और विकास की सच्ची आवाज़ है तथा वे पूरी ताकत के साथ जनता के बीच रहकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।


