ओमीक्रॉन-1 सेक्टर के एचआईजी सोसाइटी का बारिश के पानी से बुरा हाल है
ग्रेटर नोएडा। भारी बारिश के चलते ग्रेटर नोएडा के ओमीक्रॉन-1 सेक्टर के एचआईजी सोसाइटी का बुरा हाल है। नाले की सफाई नहीं होने के चलते सोसाइटी का पानी सही तरह से नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में पीने के पानी के अंडरग्राउंड टैंक में गंदा पानी भर गया है। अब यही पानी पूरे सोसाइटी में सप्लाई हो रही है जिससे सभी घरों में गंदा और बदबूदार पानी पहुंच रहा है। इसकी शिकायत समय-समय पर सोसाइटी के लोगों ने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों से की भी लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ ना हो पाया। अब हालत ये हो गई है कि जल जमाव से टंकी के अंदर लगातार गंदा पानी पहुंच रहा है। अगर वक्त रहते हालात नहीं संभले तो कई तरह की बीमारियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
मौके पर मौजूद सोसाइटी के लोगों ने कहा कि कई बार पहले अथॉरिटी में लिखित शिकायत की गई। लेकिन कार्रवाई के नाम पर दोबारा समस्या का ही सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद सोसाइटी के सदस्य यतेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि चार मंजिला सोसाइटी में 864 फ्लैट हैं जहां करीब 400 फ्लैट में लोग रहते हैं और बाकी फ्लैट खाली और बदहाल हैं। शर्मा के मुताबिक यहां कई तरह की समस्याएं हैं जिनकी शिकायत संबंधित विभाग में की गई है लेकिन मौजूदा समस्या पीने के पानी को लेकर है। सोसाइटी के ही एक और सदस्य बीके शर्मा ने बताया कि आज नहाते वक्त उनकी टंकी से काफी गंदा और बदबूदार पानी निकला। अगर वक्त रहते हालात नहीं सुधरे तो बड़े स्तर पर सोसाइटी के लोगों के बीमार होने से इनकार नहीं किया जा सकता।


