हल्दीराम स्किल अकादमी का दीक्षांत समारोह संपन्न

हल्दीराम स्किल अकादमी का दीक्षांत समारोह संपन्न

 नोएडा। स्किल इंडिया के तहत मल्टी कुजीन कुक और फैशन टेक्नोलॉजी के छात्रों के लिए सेक्टर 127 में स्थित हल्दीराम स्किल अकादमी के दीक्षांत समारोह में चेयरमैन मनोहर लाल अग्रवाल ने कोर्स पूरा करने वाले बच्चों को प्रमाणपत्र वितरित किए।

इस मौके पर हल्दीराम के चेयरमैन मनोहर लाल अग्रवाल ने बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इससे पहले समारोह की शुरुआत अभिनन्दन भाषण से हुई। इसके बाद चेयरमैन अग्रवाल के साथ अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मल्टीकुजीन कुक और फैशन टेक्नोलॉजी के एक सौ से अधिक छात्रों को अतिथियों ने प्रमाणपत्र वितरित किए।

इस मौके पर हल्दीराम एजुकेशनल सोसाइटी की निदेशक रीता कपूर ने इस युग में कौशल के महत्व पर जोर दिया और छात्रों से कहा कि सकारात्मक मानसिकता के साथ चुनौतियों को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों पूरे जीवन सीखने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने इस पहल की अगुवाई करने और समाज के लिए सार्थक योगदान देने के लिए प्रमोटरों और एचएसए को धन्यवाद दिया। राष्ट्रगान के साथ दीक्षांत समारोह का समापन हुआ।

समारोह में हल्दीराम के चेयरमैन मनोहर लाल अग्रवाल के अलावा एमडी न्यूक्लियस सॉफ्टवेयर योगेश एंडले, महिला एवं बाल विकास विभाग एमपी  के सहायक निदेशक  डॉ. शालीन शर्मा, एमिटी यूनिवर्सिटी फॉर पब्लिक हेल्थ एंड एडमिनिस्ट्रेशन में सहायक प्रोफेसर  पूर्णिमा सूर्यनाथ सिंह, अदार फाउंडेशन के संस्थापक विभा अनेजा, हल्दीराम की निदेशक सुश्री प्रीति अग्रवाल, सेवानिवृत्त डीजीपी चंडीगढ़ प्रदीप श्रीवास्तव, ज्ञानश्री स्कूल की प्रधानाचार्य प्रियंका भटकोटी के अलावा हल्दीराम, केयर लीवर्स इनर सर्कल, एचएसए, सहायक एनजीओ और तमाम छात्रों के परिजन मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि इस अकादमी की शुरूआत अप्रैल 2023 में मल्टी कुजीन कुक और फैशन टेक्नोलॉजी (एटीडीसी) कार्यक्रमों के साथ शुरू हुई। अब तक  350 छात्रों ने अपना कोर्स पूरा करने के बाद हल्दीराम, नाथूस, शाही एक्सपोर्ट्स, ज़ारा, बीकानेरवाला और इसी तरह के विभिन्न ब्रांडेड प्रतिष्ठानों में जॉब हासिल कर चुके हैं।