कवि नगर डाकघर पहुंचकर डाक वितरण प्रणाली की हासिल की जानकारी
सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल के बच्चों ने लिखी प्रधानमंत्री के नाम चिट्ठी
गाजियाबाद। सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल की डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. माला कपूर की प्रेरणा के फलस्वरुप उनके स्कूल के सैंकड़ों बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम चिट्ठी लिखी है। अधिकांश बच्चों ने प्रधानमंत्री को जहां दीपावली की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। वहीं कई छात्रों ने स्कूलों में पारंपरिक खेल लागू करने की अनिवार्यता के लिए उनका आभार जताया है। बच्चों की ओर से प्रधानमंत्री को लिखी चिट्टियां अध्यापिका मंजू कौशिक की अगुवाई में कवि नगर डाकघर जाकर पोस्ट मास्टर पंचदेव को सौंपी पी गईं।

डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. माला कपूर ने बताया कि संचार क्रांति के आधुनिक दौर ने हमें चिट्ठियों की दुनिया से बाहर कर दिया है। बच्चे तो इस दुनिया से बिल्कुल अनजान हैं। जबकि चिट्ठी लिखना एक कौशल है। बच्चों की जिंदगी और समाज से चिट्ठी तेजी से लुप्त होती जा रही हैं। इस वैश्विक परंपरा को जिंदा रखने के लिए ही सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल की ओर से दीपावली के अवसर पर यह मुहिम शुरू की गई है। जो भविष्य में भी जारी रहेगी। उप-प्रधानाचार्य उमा नवानी ने कहा कि इस मुहिम के पहले चरण में 300 से अधिक बच्चों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। चिट्ठी लिखने के प्रति बच्चे इतने उत्साहित थे ही उन्होंने कवि नगर डाकघर पहुंचकर पोस्ट मास्टर पंचदेव को अपने हाथों से चिट्ठियां सौंपी। इन बच्चों में विशेष रूप से माही, मान्या, सुफल, भुवी, सुशांत, तनिष, ध्रुवी, अरना व आदित्य शामिल थे। श्री देव ने बच्चों को डाक वितरण प्रणाली व डाकघर के कामकाज व योजनाओं की बाबत विस्तार से समझाया। श्री देव ने स्कूल की इस मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि आज हम जब इस बात से चिंतित हैं कि मोबाइल की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे बच्चों की मेधा बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। ऐसे में बच्चों में पत्र लेखन की प्रवृत्ति उनके मानसिक विकास के साथ उनकी अभिव्यक्ति को व्यक्त करने में भी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने इस मुहिम को अन्य स्कूलों के लिए भी प्रेरणादाई बताते हुए इसका अनुकरण करने का अनुरोध किया।


