विश्व कप विजेता क्रिकेट टीम के सदस्य मदन लाल शर्मा बने फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन के संरक्षक
नोएडा। फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन के विस्तार के क्रम में एक नया अध्याय जुड़ गया हैं। वर्ष 1983 में भारत को क्रिकेट विश्व कप जिताने वाली ऐतिहासिक भारतीय टीम के सदस्य, प्रख्यात पूर्व क्रिकेटर एवं कोच मदन लाल शर्मा ने संस्था के अनुरोध को स्वीकार करते हुए फेडरेशन के संरक्षक पद से जुड़ने की सहमति प्रदान कर दी है, उनकी इस स्वीकृति से फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र मेहता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मदन लाल शर्मा जैसी प्रतिष्ठित खेल हस्ती का हमारे संगठन के साथ जुड़ना पूरे पंजाबी समाज के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और प्रेरणादायक व्यक्तित्व से फेडरेशन के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
वीरेंद्र मेहता ने आगे कहा कि फेडरेशन ऑफ पंजाबी एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य देशभर के पंजाबी समाज को एकजुट करना, पंजाबी संस्कृति एवं गौरवशाली विरासत का संरक्षण करना तथा सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना है। संस्था समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रीय महासचिव सुनील मेहता ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मदन लाल शर्मा का फेडरेशन से जुड़ना हमारे लिए अत्यंत गौरव की बात है। उनका मार्गदर्शन संगठन के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाएगा तथा समाज के युवाओं को खेल, अनुशासन और सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। फेडरेशन को विश्वास है कि मदन लाल शर्मा का जुड़ाव संगठन के उद्देश्यों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा तथा समाजसेवा एवं युवा प्रेरणा के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलेगा।


