44 गांवों के किसानों की महापंचायत में बड़ा फैसला, 15 नवंबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 16 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना और परी चौक पर चक्का जाम
ग्रेटर नोएडा। चार प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट की मांग को लेकर पिछले करीब दो दशक से संघर्ष कर रहे ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के 44 गांवों के किसानों ने आज गांव पाली में महापंचायत का आयोजन किया। महापंचायत में करीब 600 किसानों ने हिस्सा लेकर अपनी मांगों को लेकर आगे की रणनीति तैयार की।
महापंचायत में किसानों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि 15 नवंबर तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण उनकी चार प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट की मांग को पूरा नहीं करता है, तो 16 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा से नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग परी चौक पर चक्का जाम करने का भी ऐलान किया गया।
किसानों ने कहा कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से चार प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान कई बार आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और गिरफ्तारियां तक दे चुके हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ है। बीते 22 अक्टूबर को भी किसान अपनी मांगों को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर रोक दिया था।
महापंचायत में किसानों ने प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि 15 नवंबर तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 16 नवंबर से आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
महापंचायत में बाबा संतराम, बीडीसी मुखिया, रूपा भाटी, रघुराज भाटी, ब्रह्मपाल प्रधान और भीम सिंह सहित क्षेत्र के किसान एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महापंचायत में शामिल किसानों ने एकजुट होकर चार प्रतिशत अतिरिक्त प्लॉट की मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


