डोपिंग मुक्त खेलों की और बढ़ते कदम

डोपिंग मुक्त खेलों की और बढ़ते कदम

पाइनवुड विद्यालय में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित”!

 दिनेश कुमार गौड़ 

सहारनपुर।  पाइनवुड विद्यालय में “राज्य स्तरीय एंटी-डोपिंग एवं पोषण जागरूकता कार्यशाला” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) द्वारा किया गया, जो भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन संगठन है। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय एंटी-डोपिंग एजेंसी (NADA), भारत तथा पाइनवुड विद्यालय के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यशाला का उद्देश्य नैतिक खेल भावना, डोपिंग के दुष्प्रभावों तथा स्वस्थ, अनुशासित और सफल खेल संस्कृति के निर्माण में उचित पोषण के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना था। 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पे.फी. के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पीयूष जैन, विद्यालय निदेशिका श्रीमती संतोष गुप्ता, प्रधानाचार्य डॉ. संजीव जैन, उपाध्यक्ष हरदेव सिंह राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी दिनेश कुमार गौड़, श्रीमती करूणा झा, श्री दीपक गुप्ता, श्री चन्द्रशेखर राणा, श्री गौरव कपिल, श्री सचिन कुमार गोयल, श्री पंकज कुमार एवं श्रीमती नंदनी रावत द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यशाला के प्रथम सत्र में NADA के विशेषज्ञ सचिन कुमार गोयल ने डोपिंग के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी देते हुए एंटी-डोपिंग नियमों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। दूसरे सत्र में श्री पंकज कुमार ने संतुलित पोषण, स्वस्थ खान-पान और फिटनेस के महत्व पर प्रकाश डाला। विशेषज्ञ वक्ताओं ने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि पेफी के राष्ट्रीय सचिव प्रोफेसर डॉ. पीयूष जैन ने अपने संबोधन में कहा कि “PEFI सिर्फ एक संस्था ही नहीं, बल्कि एक मिशन है, जो देश के युवाओं को खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है। स्वस्थ खिलाड़ी ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।”

कार्यशाला का मुख्य आकर्षण प्रश्नोत्तर सत्र रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने डोपिंग, पोषण एवं खेलों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शामिल विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुति दे कर सभी का मन मोह लिया 

अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. संजीव जैन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें खेलों में ईमानदारी और अनुशासन का संदेश देते हैं।