कैंसर पीड़ितों की वित्तीय मदद के लिए एनजीओ ने लगाया स्टॉल
नोएडा। कैंसर सिर्फ घातक बीमारी नहीं, वरन मौत का दूसरा नाम है। आप ना सिर्फ शारीरिक तौर पर बल्कि आर्थिक रूप से भी कमजोर हो जाते है। शहर के अच्छेजा, बिश्नुली, दुजाना, खेड़ा धर्मपुरा और छपरौला ऐसे गांव हैं जहां के लोग इस भयानक बीमारी से ग्रस्त है। कई गांवों में इस बीमारी से लोगों की जान भी जा चुकी है। वहीं नोएडा में हनीतानी फाउंडेशन नाम की एक ऐसी संस्था है, जो लोगों को इस बीमारी से मुक्ति दिलाने में जुटी है। शनिवार की शाम को नोएडा सेक्टर 18 स्थित रेडिसन होटल में फाउंडेशन की ओर से कैंसर पीड़ितों की मदद के लिए स्टॉल लगाया गया।

हनीतानी फाउंडेशन की फाउंडर तनीषा गुप्ता ने बताया कि कैंसर लाइलाज नहीं है। जरूरत है कि हम सभी जागरूक होकर उचित समय पर उपचार ले तो इस गंभीर बीमारी को मात दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने कैंसर पीड़ितों की आर्थिक मदद के लिए स्टॉल लगाकर धनराशि इकट्ठा की गई। इस धनराशि से कैंसर पीड़ितों को मुफ्त डॉक्टर परामर्श, कैंसर की जांच एवं आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।


