इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर होगा महा महोत्सव, 23 अगस्त को भव्य शोभा यात्रा से होगा शंखनाद
नोएडा। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस्कॉन नोएडा द्वारा इस वर्ष भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य महोत्सव 4 सितम्बर 2026, शुक्रवार को इस्कॉन नोएडा के प्रमुख मन्दिर में आयोजित होगा।
इस वर्ष इस्कॉन नोएडा द्वारा नोएडा स्थित मुख्य मन्दिर के साथ-साथ सेक्टर-151 एक्सप्रेसवे, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी तथा जेवर में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर को जन-जन तक पहुंचाने तथा सभी को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करने के लिए विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शोभा यात्रा — 23 अगस्त 2026
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार, 23 अगस्त 2026* को भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभा यात्रा सायं 3:30 बजे सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे से प्रारम्भ होगी तथा अट्टा मार्केट, सब मॉल, डी.एम. चौक, स्टेडियम, चौड़ा चौक एवं एडोब चौक होते हुए सायं 6:30 बजे इस्कॉन नोएडा मन्दिर पहुंचेगी।
शोभा यात्रा के पूरे मार्ग में भक्तों के विभिन्न समूहों द्वारा हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। श्री श्री कृष्ण-बलराम के सुन्दर एवं भव्य रूप से सुसज्जित विग्रह शोभा यात्रा की अगुवाई करेंगे। यात्रा के दौरान सभी को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
शोभा यात्रा के मन्दिर पहुंचने पर, सायं 6:30 बजे इस्कॉन नोएडा मन्दिर में सभी को डिनर प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस भव्य शोभा यात्रा में लगभग 1,500 भक्तों के सम्मिलित होने की आशा है।
शोभा यात्रा का मुख्य उद्देश्य नोएडा एवं आसपास के क्षेत्र के निवासियों को *श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए इस्कॉन नोएडा में सादर आमंत्रित करना* है।
झूलन यात्रा — 23 से 28 अगस्त 2026
*झूलन यात्रा* भगवान श्री राधा-कृष्ण के प्रति प्रेम एवं भक्ति का एक अत्यंत मनोहारी पारम्परिक उत्सव है। वर्षा ऋतु में उमस बढ़ जाने के कारण भक्तगण भगवान श्री राधा-कृष्ण को सुन्दर झूले पर विराजमान कर उन्हें झूला झुलाते हैं। भक्तिभाव से भगवान को झूला झुलाने की इस परम्परा को भगवान श्री राधा-कृष्ण के प्रति प्रेम एवं समर्पण की अभिव्यक्ति माना जाता है।
यह प्रेम एवं भक्ति का उत्सव रविवार, 23 अगस्त 2026 से प्रारम्भ होकर शुक्रवार, 28 अगस्त 2026, बलराम जयन्ती के दिन सम्पन्न होगा।
सभी नोएडा वासी इस उत्सव में सम्मिलित होकर भगवान श्री राधा-कृष्ण को झूला झुला सकते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर के लिए इस्कॉन नोएडा के भक्त भगवान के लिए विशेष झूला तैयार करने में जुटे हुए हैं। झूले को विभिन्न सजावटी सामग्रियों एवं सुन्दर फूलों से अत्यन्त आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।
इस उत्सव के दौरान प्रतिदिन लगभग *2,000 श्रद्धालुओं* के दर्शन एवं झूलन यात्रा में सम्मिलित होने की आशा है।
बलराम पूर्णिमा — 28 अगस्त 2026
भगवान श्री बलराम का जन्मोत्सव बलराम पूर्णिमा, शुक्रवार 28 अगस्त 2026 को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
मुख्य उत्सव प्रातः 11 बजे प्रारम्भ होगा, जिसमें भजन, कीर्तन, भगवान का विशेष अभिषेक, आध्यात्मिक प्रवचन तथा सभी के लिए भरपेट प्रसादम की व्यवस्था रहेगी।
इस अवसर पर भगवान श्री बलराम का पञ्च गव्य — दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस एवं पुष्प से सुन्दर अभिषेक किया जाएगा। संध्या समय *मटकी फोड़ उत्सव का भी विशेष आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में लगभग 1,500 श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की आशा है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी — 4 सितम्बर 2026
भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, शुक्रवार 4 सितम्बर 2026 को इस्कॉन नोएडा मन्दिर में अत्यन्त भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
इस महोत्सव की तैयारियों में भक्तगण पिछले चार माह से निरन्तर जुटे हुए हैं। मन्दिर परिसर की विशेष साफ-सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य किया जा रहा है। पूरे मन्दिर को अत्यन्त आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। भगवान के लिए विशेष भोग सामग्री एकत्र की जा रही है तथा भगवान श्रीकृष्ण के लिए सुन्दर एवं विशेष पोशाक तैयार की जा रही है।
जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे मन्दिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी एवं सुन्दर फूलों से सजाया जाएगा। भगवान का विशेष अभिषेक किया जाएगा। भगवान को 251 से भी अधिक प्रकार के देशी एवं विदेशी विभिन्न व्यंजन अर्पित किए जाएंगे, जिनमें अनेक प्रकार की खीर, हलवे, सब्जियां, स्नैक्स एवं केक सम्मिलित होंगे।
जन्माष्टमी के दिन भगवान के दर्शन प्रातः 4:30 बजे से रात्रि 12 बजे तक खुले रहेंगे। पूरे दिन भगवान के पवित्र नाम का हरिनाम संकीर्तन होगा तथा श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन प्रसादम वितरण की व्यवस्था रहेगी।
मन्दिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एडोब चौक, सेक्टर-25 के पास जनसामान्य पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, विशेष निमन्त्रण पत्रधारियों के लिए नोएडा हाट के पास पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।
इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले भक्तों सहित लगभग 5 लाख श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की आशा है।
इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए उनकी सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके लिए नोएडा पुलिस की एक पूरी टीम भी आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग कर रही है। इसके अतिरिक्त मन्दिर से जुड़े हजारों भक्त सेवादार के रूप में विभिन्न सेवाओं में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं से विशेष अनुरोध किया जा रहा है कि वे अत्यधिक भीड़ से बचें तथा भगवान के दर्शन इस्कॉन नोएडा के यूट्यूब चैनल के माध्यम से ऑनलाइन करें।
श्रील प्रभुपाद आविर्भाव तिथि महामहोत्सव — 5 सितम्बर 2026
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन, शनिवार 5 सितम्बर 2026, को इस्कॉन के संस्थापकाचार्य, कृष्णकृपामूर्ति श्री श्रीमद ए. सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद का जन्मोत्सव, श्रील प्रभुपाद आविर्भाव तिथि महामहोत्सव, श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाएगा।
मुख्य उत्सव प्रातः 10 बजे प्रारम्भ होगा, जिसमें भजन, कीर्तन तथा सभी के लिए प्रसादम वितरण की व्यवस्था रहेगी।
वर्ष 1896 में कलकत्ता (अब कोलकाता) में जन्मे श्रील प्रभुपाद ने अपने गुरु महाराज की आज्ञा का पालन करते हुए अमेरिका जाकर अन्तर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ की स्थापना की। उन्होंने अपने जीवन के अन्तिम वर्षों में कृष्णभावनामृत के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक *यात्राएँ कीं तथा 11 वर्षों में पूरे विश्व की 14 बार परिक्रमा की* और विश्वभर में श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश पहुँचाया।
श्रील प्रभुपाद के पदचिह्नों का अनुसरण करते हुए उनके अनुयायी आज पूरे विश्व में श्रीकृष्ण भक्ति एवं कृष्णभावनामृत का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
इस पावन उत्सव में लगभग 2,000 भक्तों के सम्मिलित होने की आशा है।
श्री राधाष्टमी — 19 सितम्बर 2026
भगवान श्रीकृष्ण की नित्य संगिनी एवं परम आराध्या *श्रीमती राधारानी* का जन्मोत्सव *श्री राधाष्टमी, शनिवार 19 सितम्बर 2026* को भव्य रूप से मनाया जाएगा।
मुख्य उत्सव दोपहर 12 बजे प्रारम्भ होगा, जिसमें भजन, कीर्तन, भगवान का विशेष अभिषेक तथा सभी के लिए प्रसादम की व्यवस्था रहेगी।
इस अवसर के लिए श्री श्री राधा-कृष्ण की युगल जोड़ी के लिए नई एवं विशेष पोशाक तैयार की जा रही है। भगवान का पञ्च गव्य — दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस एवं पुष्प से सुन्दर अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसादम वितरण की व्यवस्था रहेगी।
श्री राधाष्टमी के इस पावन उत्सव में लगभग 3,000 श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की आशा है।
सभी श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रण
इस्कॉन नोएडा सभी नोएडा वासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को इन सभी पावन उत्सवों में सपरिवार सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित करता है। इन उत्सवों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण, श्री बलराम, श्री राधारानी एवं श्रील प्रभुपाद की भक्ति, सेवा, कीर्तन एवं दर्शन का पावन अवसर प्राप्त होगा।


