नोएडा में जलभराव पर नोएडा हाईराइज़ फेडरेशन के अध्यक्ष निखिल सिंघल की मांग

नोएडा में जलभराव पर नोएडा हाईराइज़ फेडरेशन के अध्यक्ष निखिल सिंघल की मांग

नोएडा। “हर साल बारिश आती है, लेकिन हर साल नोएडा की सड़कें और सेक्टर जलमग्न हो जाते हैं। यह केवल प्राकृतिक समस्या नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है।”

नोएडा हाईराइज़ फेडरेशन के अध्यक्ष निखिल सिंघल ने कहा कि हालिया बारिश के बाद पूरे नोएडा में जलभराव की स्थिति बेहद चिंताजनक है। मुख्य सड़कें, सेक्टर, अंडरपास और कई आवासीय क्षेत्रों में पानी भर गया, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण हाईराइज़ सोसाइटियों को वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) के नाम पर लगातार नोटिस जारी करता है और सख्ती दिखाता है, लेकिन यह भी बताए कि स्वयं प्राधिकरण ने अपने स्तर पर वर्षा जल संचयन, नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और मानसून की तैयारियों के लिए क्या ठोस कदम उठाए हैं? यदि हर वर्ष करोड़ों रुपये मानसून की तैयारियों पर खर्च किए जाते हैं, तो पहली ही बारिश में पूरा शहर जलमग्न क्यों हो जाता है?

निखिल सिंघल ने मांग की कि नोएडा प्राधिकरण जनता के सामने एक विस्तृत रिपोर्ट जारी करे, जिसमें बताया जाए कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग, नालों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम और जलभराव रोकने के लिए क्या कार्य हुए, कितना बजट खर्च हुआ और उसकी वास्तविक स्थिति क्या है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि प्राधिकरण केवल सोसाइटियों पर कार्रवाई करने के बजाय अपनी जवाबदेही भी तय करे। नोएडा के नागरिकों को बेहतर और जलभराव मुक्त शहर देना प्राधिकरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है।