श्रमिक दिवस पर नोएडा शर्मसार : रजत विहार, सेक्टर 62 में दबंगई, बुजुर्ग गार्ड के साथ मारपीट

श्रमिक दिवस पर नोएडा शर्मसार : रजत विहार, सेक्टर 62 में दबंगई, बुजुर्ग गार्ड के साथ मारपीट

नोएडा। श्रमिक दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर सेक्टर 62 स्थित रजत विहार बी ब्लॉक सोसायटी में एक अत्यंत निंदनीय घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को शर्मसार कर दिया। एक दबंग व्यक्ति द्वारा सोसायटी के मुख्य द्वार पर लगे बैरियर को जबरन तोड़ दिया गया तथा ड्यूटी पर तैनात एक बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इस प्रकार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोसायटी के RWA एवं AOA बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थानीय स्तर पर चौकी/थाने में उनकी बातों को अपेक्षित गंभीरता से नहीं सुना जाता। परिणामस्वरूप दबंग प्रवृत्ति के लोगों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और आम नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है।

यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो सुरक्षा गार्ड 12-12 घंटे की कठिन ड्यूटी कर समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, उन्हें ही इस प्रकार की हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। सीमित वेतन में कार्य करने वाले इन श्रमिकों के साथ हो रहा यह व्यवहार न केवल अमानवीय है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

फोनरवा इस घटना की कड़ी निंदा करता है और प्रशासन से मांग करता है कि दोषियों के विरुद्ध तत्काल सख्त एवं उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाए। 

सोसायटियों में कार्यरत सुरक्षा गार्डों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

स्थानीय पुलिस को निर्देशित किया जाए कि RWA/AOA की शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।

भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं।

यदि शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो फोनरवा एवं समस्त निवासी संगठन आगे की रणनीति बनाने के लिए बाध्य होंगे।

: