विजय दिवस: देश की ऑन-बान-शान पर हमारे सैनिक कभी ऑच नहीं आने देंगे - सी बंसी पोनप्पा
नोएडा। सेक्टर-29 स्थित शहीद स्मारक पर 22वें विजय दिवस पर भारतीय थल सेना के लेफ्टिनेंट जनरल सी बंसी पोनप्पा ने पत्नी नित्या पोनप्पा संग गौतमबुद्ध नगर के 41 शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

आर्मी पब्लिक स्कूल में आयोजित समारोह को बतौर मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल सी बंसी पोनप्पा ने संबोधित करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए अपनी कुर्बानी देने वाले शहीद सैनिकों के बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनसे प्रेरणा लेकर हमारे सैनिक देश के लिए जिंदगी न्यौछावर करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।

इन्हीं सैनिकों पर देश को फख्र है कि वतन की सरहद को कोई छू भी नहीं सकता है। देश की ऑन बान तथा शान पर हमारे सैनिक कभी ऑच नहीं आने देंगे। ऐसे वीर सैनिकों को शत-शत नमन है। इसके पश्चात लेफ्टिनेंट जनरल सी बंसी पोनप्पा ने “ग्लिम्पसेज-2023” सोविनियर लांच किया। उन्होंने शहीद परिवारों को इस मौके पर सम्मानित किया तथा उन्हें उपहार भेंट किये।

इस अवसर पर उपस्थित शहीदों के परिवारों की आँखों में सुन्नता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी जब उनके प्रियजनों की वीरतापूर्ण कहानी को याद किया गया और जब प्रत्येक शहीद के परिवार का एक सदस्य पुष्पांजलि अर्पित कर रहा था।
हवालदार हरविंदर सिंह के नेतृत्व में औपचारिक त्रि-सेवा गार्ड और बिगुलर्स ने सैन्य सटीकता के साथ प्रक्रिया को अंजाम दिया वही आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्रों की गायन मंडली ने शानदार प्रस्तुति दी, जिसकी सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर शहीद स्मारक संस्थान के चेयरमैन लेफ्टिनेंट जनरल (रिटा.) जी. एल. बख्शी, उनकी धर्मपत्नी सुमन बख्शी, लेफ्टिनेंट जनरल एस.के. सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार, (रिटा.) एडमिरल आईएस ग्रेवाल, एवीएम एस.के. मेहरा, पुलिस आयुक्त, अरूण विहार तथा जलवायु बिहार संस्थानों के अध्यक्ष, एपीएस, कैम्ब्रिज स्कूल तथा खेतान स्कूल की प्रिंसिपल व छात्रों के अलावा कई सैन्य अधिकारी व उनके परिवारीजन मौजूद रहे।


