खेलों को डोपिंग मुक्त बनाने के लिए PEFI की बड़ी पहल!

खेलों को डोपिंग मुक्त बनाने के लिए PEFI की बड़ी पहल!

सहारनपुर: फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) और पाइनवुड स्कूल द्वारा राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) के सहयोग से आयोजित होने वाली "एंटी-डोपिंग एवं पोषण जागरूकता कार्यशाला" को लेकर शुक्रवार को होटल पुष्पदीप में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता में खेल जगत में बढ़ती डोपिंग की समस्या और खिलाड़ियों के सही पोषण को लेकर विस्तार से जानकारी साझा की गई।

#SayNoToDoping: क्लीन स्पोर्ट्स पर विशेष जोर

प्रेस कॉन्फ्रेंस को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए PEFI के राष्ट्रीय सचिव प्रो. (डॉ.) पीयूष जैन ने कहा कि आज के समय में युवा खिलाड़ियों को खेल के सही तरीकों और डोपिंग के खतरों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि 16 मई 2026 को पाइनवुड स्कूल  सहारनपुर में सुबह 9:00 बजे से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

इस कार्यशाला का मुख्य थीम "Empowering Clean Sports through Awareness, Education, and Nutrition" (जागरूकता, शिक्षा और पोषण के माध्यम से स्वच्छ खेलों को बढ़ावा देना) रखा गया है। इसका उद्देश्य #SayNoToDoping के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

खिलाड़ियों, कोचों और अभिभावकों को किया जाएगा जागरूक

पदाधिकारियों ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मीडिया के माध्यम से छात्र-खिलाड़ियों, उनके कोचों और अभिभावकों को जागरूक करना है। कई बार जानकारी के अभाव में खिलाड़ी ऐसी दवाओं या सप्लीमेंट्स का सेवन कर लेते हैं जो प्रतिबंधित होते हैं, जिससे उनका करियर बर्बाद हो जाता है। कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा सही पोषण और डाइट चार्ट के बारे में भी महत्वपूर्ण टिप्स दिए जाएंगे ताकि खिलाड़ी प्राकृतिक और स्वस्थ तरीके से अपना प्रदर्शन बेहतर कर सकें।

इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान खेल और शारीरिक शिक्षा जगत से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं पेफी के राष्ट्रीय सचिव प्रोफेसर डॉ. पीयूष जैन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरदेव सिंह, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी दिनेश कुमार गौड़, गौरव चौहान मंडल कॉर्डिनेटर, PEFI चंद्रशेखर राणा संयुक्त सचिव, PEFI उत्तर प्रदेश चैप्टर सुश्री नंदिनी रावत (स्टेट सचिव, PEFI उत्तर प्रदेश चैप्टर) चौधरी राजेश पाल (जिलाध्यक्ष  PEFI),श्रीमती सुषमा सिंह, श्री अजय चौधरी, ब्रजेश चौधरी शुभम चौहान, श्री परमिल चौधरी, श्री मोनिश राणा, हिमांशु चौधरी

आयोजकों की अपील

फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) और पाइनवुड स्कूल के प्रबंध तंत्र ने सहारनपुर के समस्त खेल प्रेमियों, पीटीआई, कोचों और युवा खिलाड़ियों से अपील की है कि वे शनिवार को आयोजित होने वाली इस कार्यशाला में समय से पहुँचकर इस नेक पहल का हिस्सा बनें और देश में स्वच्छ खेल संस्कृति के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें।