10 वर्षों से संचालित क्रेच एवं प्री-स्कूल को हटाने की कार्रवाई से अभिभावकों में रोष, सरकारी आदेशों की अनदेखी के आरोप

नोएडा। एल्डेको आमंत्रण, सेक्टर-119 के निवासियों एवं प्रभावित अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि सोसाइटी की वर्तमान सशर्त (Conditional) AOA लगातार सरकारी आदेशों की अनदेखी करते हुए एक के बाद एक नीतिगत एवं वित्तीय निर्णय ले रही है। उनका कहना है कि SDM एवं उप निबंधक (DR), फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स के आदेशों के बावजूद AOA द्वारा कथित रूप से ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं, जिनका दीर्घकालिक प्रभाव सोसाइटी और निवासियों पर पड़ रहा है।

ताज़ा विवाद सोसाइटी में पिछले लगभग 10 वर्षों से संचालित क्रेच एवं प्री-स्कूल को लेकर सामने आया है। प्रभावित अभिभावकों का आरोप है कि वर्तमान AOA ने क्रेच संचालक पर लगभग 100 प्रतिशत किराया बढ़ाने का दबाव बनाया है तथा मांग पूरी न होने पर परिसर खाली करने के लिए कहा है। यह निर्णय ऐसे समय लिया गया है जब शैक्षणिक सत्र बीच में चल रहा है और अनेक बच्चों का नामांकन पहले से है।

क्रेच संचालिका श्रीमती सुरुचि ने कहा कि मैं पिछले लगभग 10 वर्षों से एल्डेको आमंत्रण में क्रेच एवं प्री-स्कूल का संचालन कर रही हूँ। वर्तमान AOA द्वारा मुझसे लगभग 100 प्रतिशत किराया बढ़ाने की मांग की गई है, जिसे मैं अनुचित एवं अव्यावहारिक मानती हूँ। मांग पूरी न करने पर मुझे परिसर खाली करने के लिए कहा जा रहा है। मेरा आरोप है कि मुझे हटाकर यह स्थान किसी अन्य व्यक्ति को देने की कोशिश की जा रही है। मैं प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं न्याय की अपेक्षा करती हूँ ताकि बच्चों और अभिभावकों के हित सुरक्षित रह सकें।

अभिभावकों का कहना है कि यदि क्रेच एवं प्री-स्कूल को हटाया गया तो दर्जनों बच्चों की पढ़ाई, देखभाल तथा कामकाजी परिवारों की दैनिक व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित होगी। उनका कहना है कि वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित इस सुविधा को अचानक समाप्त करना बच्चों के हित में नहीं है।

निवासियों ने आरोप लगाया है कि जांच लंबित होने के बावजूद वर्तमान सशर्त AOA द्वारा नए बैंक खाते खोलना, सोसाइटी निधियों का स्थानांतरण, स्क्रैप से जुड़े निर्णय, उपविधियों (Bylaws) में संशोधन तथा अन्य महत्वपूर्ण नीतिगत कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही उनका आरोप है कि PVVNL के आदेशों सहित SDM एवं उप निबंधक (DR) के निर्देशों का भी पालन नहीं किया जा रहा।

सोसाइटी निवासी वैभव कुनाल ने कहा कि यह मामला केवल एक क्रेच का नहीं बल्कि दर्जनों परिवारों और छोटे बच्चों के भविष्य का है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र के बीच ऐसी कार्रवाई बच्चों की शिक्षा और कामकाजी परिवारों की दिनचर्या पर गंभीर प्रभाव डालेगी। हम प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हैं।

सोसाइटी निवासी श्रीमती पूजा ठाकुर ने कहा कि हमारा आरोप है कि वर्तमान सशर्त AOA पहले दिन से ही नियमों के विपरीत कार्य कर रही है। चुनाव संबंधी मामले में SDM द्वारा पारित आदेश के बावजूद AOA प्रशासन के निर्देशों का पालन नहीं कर रही है। हमने उप निबंधक से कई बार कार्रवाई का अनुरोध किया, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और कथित अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी, तो निवासी उप निबंधक कार्यालय पर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे।

निवासियों एवं प्रभावित अभिभावकों ने जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर, श्रीमती मेधा रूपम, SDM अनुज नेहरा तथा उप निबंधक (DR) निखिलेश रंजन से एल्डेको आमंत्रण प्रकरण में तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। उन्होंने मांग की है कि सरकारी आदेशों के कथित उल्लंघन एवं जांच लंबित रहने के दौरान लिए जा रहे नीतिगत निर्णयों की जांच कर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए, बच्चों के हितों की रक्षा की जाए तथा यदि सक्षम प्राधिकारी को नियमों का उल्लंघन पाया जाए तो वर्तमान सशर्त AOA के पंजीकरण के संबंध में विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।

जारीकर्ता: एल्डेको आमंत्रण, सेक्टर-119, नोएडा के निवासी एवं प्रभावित अभिभावक