मंगलमय परिवार मिलन में परिवार संस्कारों के संरक्षण का लिया गया संकल्प
नोएडा। मंगलमय परिवार द्वारा रविवार को भाऊराव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर, सेक्टर-12, में "मंगलमय परिवार मिलन" का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिवारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण पूज्य संत विजय कौशल महाराज का प्रेरक सान्निध्य एवं आशीर्वचन रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति में परिवार संस्था के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुदृढ़ परिवार ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने पारिवारिक संस्कारों, सामाजिक समरसता तथा नैतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का आह्वान किया।

इस अवसर पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के ऐसे लगभग 30 सद्गृहस्थों को सम्मानित किया गया, जिनकी आयु 50 वर्ष से कम है तथा जिनकी तीन या उससे अधिक संतानें हैं। इन परिवारों को ऐसे दंपतियों से सम्मानित कराया गया जिनके 3 बच्चे हैं किन्तु आयु 50 वर्ष से अधिक है। कार्यक्रम का संचालन मंगलमय परिवार के अध्यक्ष महेश बाबू गुप्ता ने किया। संस्था के संरक्षक परमात्मा शरण बंसल ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य परिवार संस्था को सुदृढ़ बनाने वाले दंपतियों का उत्साहवर्धन करना है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी परिवारों ने भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए सुदृढ़ एवं संस्कारित परिवारों के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मंगलमय परिवार के प्रमोद शर्मा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से परिवार संस्था को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
मंगलमय परिवार के मीडिया प्रभारी मुकुल वाजपेयी ने बताया कि इस अवसर पर खण्डित मूर्तियों के गरिमापूर्ण निस्तारण के लिए नगर के गण्यमान्य उद्योगपति ओंकारनाथ अग्रवाल द्वारा दिए गए वाहन का लोकार्पण श्री विजय कौशल महाराज द्वारा उनके पुत्र प्रवीण अग्रवाल की उपस्थिति में किया गया। मंगलमय परिवार की ओर से इस प्रकल्प के प्रभारी संजय जिंदल और पुरुषोत्तम तापरिया ने बताया कि कि अब तक लगभग 250 मंदिरों में इस तरह की मूर्तियों के संग्रह हेतु पात्र रखे जा चुके हैं।


