किसानो के लहलहाते सरसो को दबंगो ने जोता, प्रधान प्रतिनिधि सहित सात पर मुकदमा दर्ज

किसानो के लहलहाते सरसो को दबंगो ने जोता, प्रधान प्रतिनिधि सहित  सात पर मुकदमा दर्ज

 गाजीपुर   करंडा थाना क्षेत्र के माहेपुर के करीब 18 किसानों की सरसों की खड़ी फसल को दबंगों ने जोतकर नष्ट कर दिया। पीड़ित किसान ने प्रधानपति सहित सात लोगों के खिलाफ मंगलवार की देर शाम मुकदमा दर्ज कराया है। इधर पुलिस टीम दबंगों की गिरफ्तारी को लेकर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। माहेपुर गांव के सिवान में करीब 18 किसानों ने सरसों की फसल बोई थी जो अब लहलहाने लगी थी। बीते 18 दिसंबर को दबंगों ने करीब दस बीघा में खड़ी सरसों को जोतकर नष्ट कर दिया। अगले दिन जब किसान खेत पर गए तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते अन्य किसानों की भीड़ लग गई।

पीड़ित किसानों ने डीएम से शिकायत की। साथ ही किसान व पूर्व सैनिक हवलदार चौधरी ने तहरीर देकर प्रधानपति जयनाथ यादव सहित सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि दबंगों ने खड़ी फसल जोतकर नष्ट कर दिया और कब्जा कर लिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान और प्रधानपति जयनाथ यादव पर ग्राम सभा के विकास कार्यों में 20 लाख रुपये गबन करने का मुकदमा भी करंडा थाने में दर्ज है। इस संबंध में करंडा थानाध्यक्ष संपूर्णानंद राय ने बताया कि प्रधानपति सहित सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।