‘वर्थ डे सेलिब्रेशन’ के माध्यम से एसएफआई नोएडा ने दिया पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश
पर्यावरण संकल्प यात्रा हेतु संस्थान का विशेष चयन
नोएडा : सत्यम फैशन इंस्टीट्यूट ने अपने IQAC एक्सटेंशन सेल के अंतर्गत ‘वर्थ डे सेलिब्रेशन’ का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय और प्रेरणादायक पहल प्रस्तुत की। यह आयोजन पर्यावरण संकल्प यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा, जिसके लिए संस्थान का चयन स्वयं प्रसिद्ध पर्यावरणविद् एवं ‘ट्री मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से विख्यात डॉ. दीपक रमेश गौड़ द्वारा किया गया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना तथा वृक्षारोपण को सबसे मूल्यवान और सार्थक उपहार के रूप में प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन गिफ्ट ए ट्री नेटवर्क के संस्थापक डॉ. दीपक रमेश गौड़ के सान्निध्य में संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि डॉ. गौड़ को भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का स्नेह एवं मार्गदर्शन प्राप्त रहा है, जो इस पर्यावरणीय अभियान को और अधिक प्रेरणादायक बनाता है।

इस कार्यक्रम को सहस्त्रधारा ज्ञान फाउंडेशन का भी सहयोग प्राप्त हुआ, जो डॉ. दीपक रमेश गौड़ एवं श्रीमती भूमि गौड़ के मार्गदर्शन में नोएडा से देहरादून तक पर्यावरण संकल्प यात्रा का संचालन कर रहा है। इस यात्रा के अंतर्गत सत्यम फैशन इंस्टीट्यूट, नोएडा को एक जागरूक, जिम्मेदार एवं पर्यावरण-संवेदनशील शैक्षणिक संस्थान के रूप में चयनित किया जाना संस्थान के लिए गर्व का विषय रहा।
इस अवसर पर संस्थान की चेयरपर्सन डॉ. स्नेह सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक विचार नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक और नैतिक जिम्मेदारी है। सत्यम फैशन इंस्टीट्यूट इस प्रकार की हरित पहलों के माध्यम से छात्रों में सामाजिक चेतना, संवेदनशीलता और मूल्यों के विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। डॉ. दीपक रमेश गौड़ द्वारा हमारे संस्थान का चयन किया जाना हमारे लिए अत्यंत सम्मान की बात है। इस सराहनीय पहल के लिए वे एवं पूरी एक्सटेंशन सेल टीम बधाई की पात्र है।


