साक्षर हम फाउंडेशन ने सरकारी विद्यालयों में शिक्षा सुधार और पुस्तकालय आंदोलन को दी नई गति
गौतम बुद्ध नगर: शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही साक्षर हम फाउंडेशन ने उत्तर प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा सुधार और पठन संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए एक व्यापक अभियान आरंभ किया है।
अब तक संस्था ने गौतम बुद्ध नगर जिले के 17 से अधिक सरकारी विद्यालयों तक पहुँच बनाई है और 100 से अधिक पुस्तकालयों (रीडिंग कॉर्नर) की स्थापना कर 10,000 से अधिक छात्रों तक पुस्तकों और रचनात्मक सीखने के अवसर पहुँचाए हैं।

फाउंडेशन का उद्देश्य है कि हर सरकारी विद्यालय में एक ऐसा कोना बने जहाँ बच्चे स्वतंत्र रूप से पढ़ सकें, सीख सकें और अपने विचारों को अभिव्यक्त कर सकें। इस पहल से विद्यालयों में न केवल बच्चों की भाषा और अभिव्यक्ति कौशल में सुधार आया है, बल्कि शिक्षकों और समुदाय की भागीदारी भी बढ़ी है।

“हमारा मानना है कि हर बच्चा पढ़ने का अवसर पाए और हर विद्यालय एक सीखने का केंद्र बने। साक्षर हम का प्रयास शिक्षा को बच्चों के जीवन से जोड़ना है, न कि सिर्फ पाठ्यक्रम से,”
पियाली रॉय, संस्थापक एवं सीईओ, साक्षर हम फाउंडेशन
यह अभियान “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है, जहाँ साक्षरता, समावेश और सशक्तिकरण को साथ लेकर चलना ही असली प्रगति है।


