कन्हा शांति वनम् में प्रस्तावित है वार्षिक वैश्विक गीतोपदेश सम्मेलन का तृतीय संस्करण 

कन्हा शांति वनम् में प्रस्तावित है वार्षिक वैश्विक गीतोपदेश सम्मेलन का तृतीय संस्करण 

हैदराबाद: बहुप्रतीक्षित वैश्विक गीतोपदेश सम्मेलन अपने तृतीय संस्करण में 6 दिसम्बर को गीता जयंती के पावन अवसर पर कन्हा शांति वनम् – हार्टफुलनेस के मुख्यालय, हैदराबाद के उपनगरों में आयोजित होगा। यह वार्षिक आयोजन, जिसमें पाँच वर्ष की आयु से लेकर वयस्क प्रतिभागी सम्मिलित होते हैं, का उद्देश्य भगवद्गीता के शाश्वत ज्ञान का प्रसार करना तथा आंतरिक शांति, धैर्य और नैतिक जीवन को प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष के सम्मेलन की शोभा बढ़ाएँगे जिष्णु देव वर्मा – महामहिम राज्यपाल , तेलंगाना तथा पूज्य दाजी –
हार्टफुलनेस के मार्गदर्शक एवं श्रीरामचन्द्र मिशन के अध्यक्ष। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय है – “हृदये माम् पश्यसि – अपने हृदय में दिव्यता का दर्शन करो।” इस वर्ष का गीतोपदेश सम्मेलन बालकों के लिए श्लोक-पाठ, कथा-वाचन तथा पोस्टर-निर्माण जैसी विविध गतिविधियों का साक्षी बनेगा। विद्वान वक्ताओं के गंभीर एवं प्रेरणादायी व्याख्यान, पैनल चर्चाएँ तथा सांस्कृतिक वैभव इस आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे।
प्रतिभागियों को कन्हा शांति वनम् के शांत और पवित्र वातावरण में निःशुल्क निवास की सुविधा प्राप्त होगी। यही स्थल विश्व के सबसे विशाल ध्यान केंद्र का भी धाम है।

हार्टफुलनेस के मार्गदर्शक एवं श्रीरामचन्द्र मिशन के अध्यक्ष, पूज्य दाजी ने कहा: “भगवद्गीता कोई धार्मिक मत या सिद्धांत मात्र नहीं है, अपितु जीवन जीने की कला है। यह सम्पूर्ण मानवता की धरोहर है। हमारी आशा है कि गीतोपदेश सम्मेलन आंतरिक रूपांतरण का माध्यम बनेगा –
जीवन की परिस्थितियों का सामना करते हुए, चुनौतियों को समभाव के साथ स्वीकार करते हुए, सही और गलत में विवेक करने की क्षमता विकसित करते हुए, कर्तव्यपरायणता और समत्व को आत्मसात करने की दिशा में प्रेरित करेगा।”

हार्टफुलनेस साधनों के साथ गीतोपदेश पाठ्यक्रम बच्चों में सामूहिक चेतना का विकास करते हैं और उन्हें भावी नेतृत्व के लिए तैयार करते हैं।
इस आयोजन में तेलंगाना तथा भारत के अन्य राज्यों से लगभग 2000 बालक-बालिकाओं की उपस्थिति अपेक्षित है, जो लगभग 25–30 विद्यालयों का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह अवसर वैश्विक श्लोक प्रतियोगिता के समापन का भी प्रतीक होगा, जिसमें विश्वभर से 5000 से अधिक
बच्चों तथा लगभग 150 विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतिम चरण के विजेताओं को कन्हा शांति वनम् में आयोजित इस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन में बड़ी संख्या में जिन विद्यालयों की सहभागिता होगी, उनमें प्रमुख हैं – गीताांजली देवाश्रय, श्री विवेकानंद मॉडल स्कूल, कन्हा एजुकेयर एक्टिविटी सेंटर, शांति निकेतन मॉडल हाई स्कूल, एम.पी.पी.एस. मल्लापुर ठंडा, एक्सेलेंसिया इन्फिनिटम स्कूल, ब्रिलियंट ग्रामर हाई स्कूल, सरकारी जूनियर कॉलेज, कृष्णवेणी टैलेंट स्कूल (शाखा 1 एवं 2),
शास्त्र स्कूल, श्री काकतीय टैलेंट स्कूल आदि।