मोटरसाइकिल के डिग्गी में रखे 90 हजार उड़ाये उच्चकों ने
गाजीपुर कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के कासिमाबाद- रसड़ा मार्ग स्थित वन इंडिया बैंक के एटीएम के सामने मंगलवार को खड़ी बाइक की डिकी से उचक्कों ने 90 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
बेलसड़ी गांव निवासी आशुतोष कुमार सुबह 10.30 बजे बाइक से सुकहा स्थित बैंक आफ इंडिया की शाखा पर पहुंचा। वहां अपने खाते से 90 हजार रुपये निकालकर एक थैले में पैसा डाल डिकी में रख दिया। इसके बाद आशुतोष बाइक से ही कासिमाबाद-रसड़ा मार्ग स्थित वन इंडिया बैंक के एटीएम के सामने बाइक खड़ी कर एटीएम से पैसा निकालने चला गया।
एटीएम से आठ हजार रुपये निकाल कर जैसे ही बाहर बाइक के पास पहुंचा देखा तो बाइक की डिकी का चेन खुला है और अंदर रुपयों का थैला गायब है। पीड़ित एटीएम के आसपास के दुकानदारों से पूछा तो एक दुकानदार ने बताया कि कुछ मिनट पहले एक व्यक्ति बाइक के पास खड़ा दिखा था। काफी खोजबीन पर पता नहीं चला तो पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित आशुतोष कुमार और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ करने में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।


